June 26, 2026

भांजे की शादी में जा रहे मामा की सड़क हादसे में मौत, सर्विस सेंटर कर्मचारी पर चढ़ा ट्रक, मौत
शिवपुरी। पिछले 24 घंटों में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुईं घटनाओं में 3 लोगों की जान चली गई। पोहरी में 35 हजार वेतन जेब में रखकर घूम रहे क्रेशर कर्मचारी का शव पेड़ के नीचे मिला, तो वहीं कोलारस के पूरनखेड़ी गांव के पास मंगलवार की शाम एक बाइक सवार की सड़क हादसे में मौत हो गई। वहीं पड़ौरा चौराहे पर एक सर्विस सेंटर कर्मचारी के ऊपर ट्रक चढ़ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। तीनों ही मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जेब में थे 35 हजार, लाश की जेब मिली खाली:
पोहरी के ग्राम परीक्षा में रहने वाला 32 वर्षीय लवकुश परिहार को आज तोमर क्रेशर से 35 हजार रुपए वेतन के मिले थे। लवकुश को बुधवार सुबह 9 बजे दुकान पर नाश्ता करते हुए लोगों ने देखा। उसके बाद देर दोपहर लवकुश की लाश झिरी-आतरौआ रोड पर महुआ के पेड़ के नीचे पड़ी मिली। मृतक की जेब से नगदी व मोबाइल गायब था, तथा उसकी बाइक का भी अता पता नहीं था। मृतक के पिता शिवसिंह परिहार ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे के साथ लूट करने के बाद उसकी हत्या की है। आक्रोशित परिजनों एवं ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया था, जिसे पुलिस ने समझाइश देकर खुलवाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
कार-बाइक की टक्कर में 1 की मौत, 3 जख्मी:
कोलारस के ग्राम गुड़ा निवासी राजू आदिवासी (42) अपने भांजे की शादी में शामिल होने के लिए मंगलवार की शाम ग्राम भाटी बाइक से जा रहा था। राजू के साथ 16 वर्षीय अनीता, विनीता व एक अन्य लड़की भी बैठी थीं। ग्राम पूरनखेड़ी के पास शाम 7 बजे सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक सवार चारों लोग जख्मी हो गए, इनमें गम्भीर रूप से घायल राजू की इलाज के दौरान मौत हो गई।
सर्विस सेंटर कर्मचारी की हुई मौत::
एबी रोड पर पड़ौरा चौराहे पर स्थित आयशर ट्रक सर्विस सेंटर के टूल डिपार्टमेंट पर काम करने वाले मनोज श्रीवास (48) पर मंगलवार की शाम सेंटर के अंदर ही एक खड़ा ट्रक लुढ़क कर चढ़ गया। ट्रक के पहिये के नीचे आ जाने से मनोज की पसलियों में गंभीर चोट आ गई थी। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। कोलारस पराई की पौर निवासी मनोज के ऊपर ट्रक किन हालातों में चढ़ा, इसकी जांच पुलिस कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page