गठबंधन से ही चलती है सरकार, उप्र के पूर्व सीएम अखिलेश आए मोहन के समर्थन में, बताई भाजपा की साजिश
शिवपुरी से सैमुअल दास::
देश के दो नामचीन समाचार पत्र इंडियन एक्सप्रेस एवं दैनिक भास्कर ने अलग-अलग समय पर दो खबरें प्रकाशित की। जिसमें जमीनों का खेल उजागर करते हुए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री एवं प्रदेश के अधिकारियों के नाम हुई जमीनों के आंकड़े भी प्रस्तुत किए गए। कांग्रेस को मुद्दा मिला, तो बिना देर किए जीतू पटवारी ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर डाली। इसके बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी कागज पर आंकड़े लेकर सीएम के बचाव में आए। इस मामले को रोचक उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने यह कहते हुए बना दिया कि मप्र के सीएम मोहन यादव सहित राजस्थान के सीएम को हटाने की साजिश भाजपा के लोग ही कर रहे हैं। अखिलेश के इस बयान से यह स्पष्ट होता है कि भाजपा के लोग ही अपनी पार्टी के सीएम को झेलने के मूड में नहीं हैं।
ज्ञात रहे कि कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस वाली खबर प्रदेश के प्रमुख समाचार पत्रों में देखने को नहीं मिली। वो शायद इसलिए, क्योंकि खबर इंडियन एक्सप्रेस की थी, या फिर हर दिन आने वाले प्रदेश सरकार की उपलब्धियों वाले विज्ञापन के पेज..!
दैनिक भास्कर ने मई माह में एक खबर प्रकाशित की थी, जिसमें अधिकारियों द्वारा उन जमीनों को खरीदे जाने के आंकड़े प्रस्तुत किए थे, जहां से हाइवे निकलने, या बड़े प्रोजेक्ट लगने वाले हैं। इंडियन एक्सप्रेस ने भी मप्र के सीएम व उनके परिवार की जमीनों के ठिकाने ऐसे ही बताए हैं। यदि खबरों को सच माना जाए, तो एक तरफ आम आदमी के लिए आशियाना बनाने को एक प्लॉट लेना मुश्किल हो रहा है, वहीं दूसरी ओर मंत्री व अधिकारी यह देखकर जमीन ले रहे हैं, कि इनके दाम कितनी जल्दी कई गुना बढ़ने वाले हैं।
खबर इंडियन एक्सप्रेस की, आरोप कांग्रेस पर:
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने सीएम मोहन यादव का समर्थन करते हुए आंकड़े बताए कि 2023 में सीएम बनने से पहले ही उनके पास उक्त जमीन मौजूद थी, सीएम बनने के बाद पुत्रवधु के नाम से 10 एकड़ जमीन ली है। उन्होंने कांग्रेस के आरोपों को निराधार बताते हुए कार्यवाही की बात कही, लेकिन प्रकाशित खबर को गलत नहीं ठहराया।
तीन सीएम हटाना चाहती है भाजपा: अखिलेश
उप्र के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने मप्र के सीएम मोहन यादव को रियल स्टेट का कारोबारी बताते हुए इस पूरे खेल में कांग्रेस की जगह भाजपा की साजिश बताया। वे बोले कि भाजपा के लोग मप्र, राजस्थान एवं उप्र के सीएम को हटाना चाहते हैं, जिसके चलते इस तरह की साजिश की जा रही है। आखिर में उन्होंने कहा कि उप्र में तो हमारी साइकिल हटाने का काम करेगी। इसे क्या मानें?, क्या भाजपा में ही दो धड़े बन गए हैं, जो अपनी ही पार्टी के सीएम हटाने की कवायद में जुटे हुए हैं!




