
तालाब तक जाने का रास्ता किया बंद, गुस्साई भेड़ों ने किया चक्काजाम, डेढ़ घंटे बाद खुला
वृद्ध की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, बदरवास में मुनीम ने खाया जहर
शिवपुरी। यूं तो अभी तक इंसान ही अपने हक के लिए चक्काजाम करते थे, लेकिन अब मवेशी भी उसी तर्ज पर चल निकले हैं। मंगलवार को भेड़ों ने गोराटीला – पिछोर मार्ग पर डेढ़ घंटे तक चक्काजाम कर दिया। उधर पोहरी में एक वृद्ध की संदिग्ध मौत होने पर परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। वहीं बदरवास में एक मुनीम ने जहर खाकर अपनी जान देने का प्रयास किया।
भेड़ों का चक्काजाम:
खोड टपरियन क्षेत्र में एक तालाब है, जिसमें पाल समाज की भेड़ पानी पीने जाया करती थीं। इस तालाब के पारंपरिक रास्ते में जाटव समाज के।कुछ लोगों ने मकान बनाकर रास्ता बंद करने की तैयारी कर ली। तालाब तक जाने का रास्ता बंद हो जाने से पाल समाज के लोग अपनी भेड़ों को अब तालाब तक नहीं ले जा पा रहे। इस संबंध में पाल समाज के लोगों ने शिकायत भी की, लेकिन जब कोई सुनवाई नहीं हुई, तो आज उन्होंने अपनी भेड़ों को गोराटीला – पिछोर रोड पर झुंड के रूप में खड़ा करके चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी कुसुम गोयल एवं फॉरेस्ट की टीम भी मौके पर पहुंची। जब जिम्मेदार अधिकारियों ने कार्यवाही का आश्वासन दिया, तब डेढ़ घंटे बाद जाम खुल सका।
पीएम आवास बनाने का विवाद, वृद्ध की मौत:
शिवपुरी जिले की पोहरी तहसील के ग्राम भटनावर में मंगलवार की सुबह 60 वर्षीय वृद्ध भागीरथ कुशवाह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के पुत्र शिशुपाल कुशवाह ने अपने पिता की हत्या का आरोप अपने चाचा बल्ला कुशवाह व उनके चार पुत्र पंचू, ग्यासी, भूरा व विष्णु पर लगाया है। शिशुपाल का कहना है कि हमारी पुश्तैनी जमीन पर पीएम आवास बना रहे थे, जिसका विरोध चाचा बल्ला कुशवाह के रहा था। जिसके चकते आज उक्त पिता पुत्रों ने पहले लाठियों से पीटा फिर गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।
बदरवास से भागा अमन, मुनीम ने खाया जहर:
कोलारस विधानसभा के बदरवास काबे में रहने वाला गल्ला व्यवसाई अमन गोयल के करोड़ों रुपए लेकर भागने की खबर एक सप्ताह पूर्व तेजी से फैली थी। उस दौरान पुलिस ने बातचीत कर समझौता करने की बात कही थी। बदरवास में रहने वाले मुनीम पुरुषोत्तम धाकड़ ने एक सुसाइड नोट लिखकर जहर खा लिया। तबियत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। मुनीम का आरोप है कि अमन गोयल एवं उसके परिवार ने उन्हें विश्वास में लेकर 15 लाख रुपए लिए थे, तथा मय ब्याज के अप्रैल में वापस करने की बात कही थी। अब समय निकलने के बाद भी पुरुषोत्तम को राशि वापस नहीं की, तथा अमन गोयल परिवार सहित बदरवास छोड़कर भाग गया। मुनीम की जमीन से लेकर मकान तक गिरवी रखा है, तथा मानसिक तनाव के चलते उसने जहर खा लिया। उसने अपने सुसाइड नोट में अमन गोयल के परिवार से उधारी के पैसे उसके परिवार को दिलाए जाने तथा उक्त गोयल परिवार के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है।






