
शोले में धर्मेंद्र को मौसी ने टंकी से उतारा, गणेशखेड़ा में प्रेमी-प्रेमिका को टॉवर से पुलिस ने उतरवाया
प्रेमिका की शादी होने वालीं थी, इसलिए 250 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़कर किया अपने प्यार का ऐलान
शिवपुरी। शोले फिल्म में बसंती से शादी के लिए वीरू यानि धर्मेंद्र पानी की टंकी पर धमकी देने चढ़ा था। यह अलग बात है कि जब रामगढ़ गांव में लाइट नहीं थी, तो पानी की टंकी भरती कैसे होगी..?। सोमवार को उसी तर्ज पर कोलारस के तेंदुआ थानांतर्गत ग्राम गणेशखेड़ा में एक प्रेमी युगल 250 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। शोले में तो मौसी ने समझाकर वीरू को उतारा था, और यहां पर पुलिस ने समझाइश देकर नीचे उतरवाया।
ग्राम गणेशखेड़ा के रहने वाला मोहर सिंह आदिवासी अपने गांव की ही ललिता आदिवासी से प्रेम हो गया था। लड़की के परिजन अपनी बेटी की शादी किसी और युवक से करने की तैयारी में थे। इस बात से नाराज होकर पहले प्रेमिका गांव में लगे मोबाइल टॉवर पर चढ़ी, और पीछे से उसका प्रेमी भी टॉवर पर चढ़ गया। यह प्रेमी युगल टॉवर पर चढ़कर अपनी प्रेम मोहब्बत की बात कर रहा था, तो इधर सूचना मिलने पर पहुंची 112 एवं तेंदुआ थाना प्रभारी नीतू सिंह धाकड़ उन्हें समझाने की कोशिश कर रहे थे। लगभग एक घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे को देखने के लिए दोनों के परिजनों सहित गांव के लोग भी टॉवर के ऊपर चढ़े प्रेमी युगल को देख रहे थे।
पुलिस ने जब भरोसा दिलाया कि जैसा वो लोग चाहते हैं, वैसा ही होगा। तब कहीं जाकर वो टॉवर से नीचे उतरने को तैयार हुए। नीचे उतरते समय भी फिर प्रेमिका और फिर प्रेमी लोहे की सीढ़ियों से नीचे उतरा। नीचे उतरने के बाद थाना प्रभारी ने उन्हें समझाया कि यदि तुम लोग ऊपर से गिर जाते तो क्या होता। साथ ही उन्हें यह भरोसा दिलाया कि कोई भी समस्या आएगी तो तुम पुलिस को बताना। दोनों को थाने ले जाकर अब उनके परिजनों को भी थाने बुलाया है। शोले में तो वीरू की शादी बसंती से हो गई थी, लेकिन अब मोहर सिंह को ललिता मिलेगी या नहीं?, यह सवाल अभी बाकी है।










