उद्योग- धंधा विहीन शिवपुरी में हर बार गरीब को ही किया बेरोजगार, भू- माफिया हुए बेलगाम
शिवपुरी। मंगलवार को शिवपुरी शहर में अग्रसेन चौक से एमएम हॉस्पिटल के पास महल की दीवार से सटाकर दुकान चलाने वाले लगभग एक दर्जन लोगों के रोजगार को समेट दिया। उद्योग-धंधा विहीन शिवपुरी में जब भी अतिक्रमण मुहिम चलती है, तो उसकी जद में आने वाले गरीब का रोजगार ही छीना जाता है। जबकि शहर में भूमाफिया बेलगाम छोड़ दिए गए हैं।
आज सुबह पोलो ग्राउंड एवं महल के बीच वाली सड़क पर प्रशासन, ट्रैफिक एवं नगरपालिका का मदाखलत अमला दो जेसीबी एवं ट्रैक्टर ट्रॉलियां लेकर आया। चूंकि उस समय दुकानदार अपनी रोजी-रोटी की दुकान खोलकर व्यवस्थित कर रहे थे। एकाएक प्रशासन की टीम को देखकर चार पहिया पर दुकान चलाने वाले तो अपने ठेले लेकर निकल लिए, लेकिन जिन लोगों ने महल की बाउंड्री से सटाकर स्थाई दुकानें बना लीं थीं, उन्हें जेसीबी ने समेट दिया। इस मुहिम के फेर में कुछ स्टॉल को भी हटा दिया गया। लगभग एक दर्जन दुकानों को हटाने के बाद प्रशासनिक अमला वहां से रवाना हो गया।
युवा न करें चिंता, उनकी दुकानें बरकरार::
शहर के मध्य पोलो ग्राउंड एवं महल के बीच यूँ तो दिन भर ही फास्ट फूड की दुकानें संचालित होती हैं, जिन पर शाम को युवाओं की अच्छी खासी भीड़ खाने के लिए आती है। अतिक्रमण मुहिम की बात सुनकर युवा भी चिंतित हो गए थे, लेकिन उनके खाने पीने की दुकानें यथावत लगी हुई हैं।
जहां ट्रैफिक प्रभावित, वहां कार्यवाही नहीं::
शहर में अतिक्रमण हटाने के पीछे मुख्य उद्देश्य आवागमन को सुलभ करना होता है। जिन दुकानों को हटाया गया, उनसे ट्रैफिक प्रभावित नहीं हो रहा था। इसके विपरीत शहर में दर्जनों व्यस्ततम स्थान हैं, जहां पर अतिक्रमण के चलते दिन भर जाम के हालात बनते रहते हैं, उन्हें हटाने की कवायद कभी नहीं की गई।




