अमृत योजना में रेलवे स्टेशन का कायाकल्प तो कर दिया, लेकिन वहां तक जाने का रास्ता दुर्गम
शिवपुरी। अमृत योजना के तहत शिवपुरी रेलवे स्टेशन को भी 20 करोड़ रुपए की लागत से संवारने के बाद शुक्रवार को प्रधानमंत्री ने बर्चुअल लोकार्पण किया था। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कोई मंत्री तो नहीं आए, लेकिन शिवपुरी के ही जो माननीय गए, उनको झटका न लग जाए, इसलिए पोहरी रोड से स्टेशन तक 700 मीटर की खस्ताहाल सड़क के गड्ढों को भरने के लिए गिट्टी डाल दी गईं।
कार्यक्रम में शामिल होने के बाद विधायक व जिलाध्यक्ष के अलावा खुद कलेक्टर को अब इस रोड पर लंबे समय तक नहीं जाना है, शायद इसलिए गड्ढों के भराव की वैकल्पिक व्यवस्था की गई। पहले तो हमें लगा कि कल कार्यक्रम में जाने के दौरान हमारे शिवपुरी के कर्णधारों की नजर इस बदहाल सड़क पर गई होगी, तो शनिवार की सुबह से ही सड़क का काम शुरू हो गया होगा। शनिवार की दोपहर 1 बजे जब इस रोड पर जाकर देखा तो निकलने वाली स्कूल बसें व अन्य चारपहिया वाहन निकलते समय धूल के गुबार उड़ रहे थे। जिस धुंध में आगे कुछ नजर नहीं आ रहा, वो दुपहिया वाहन चालक इन गिट्टियों के बीच से जान जोखिम में उठाकर निकल पा रहे हैं। महत्वपूर्ण बात यह है कि शिवपुरी से लंबी दूरी की निकलने वाली ट्रेनों का समय रात में ही है, ऐसे में बिना स्ट्रीट लाइट वाली इस बदहाल सड़क पर बिखरी गिट्टी किसी बड़ी दुर्घटना को आमंत्रण दे रही हैं, तथा हमारे माननीयों की कान पर जूं तक नहीं रेंग रही।


