July 19, 2026

बिना पार्षद व सीएमओ के अकेली नपाध्यक्ष ने कर दिया वार्ड 12 में सीसी सड़क का भूमिपूजन
शिवपुरी। नगरपालिका परिषद के कुछ पार्षद भले ही अध्यक्ष को हटाए जाने की मांग पर अड़े हों, लेकिन इसके उलट नपाध्यक्ष गेंती लेकर भूमिपूजन कार्यक्रमों के व्यस्त हैं। बीते शुक्रवार को नपाध्यक्ष ने वार्ड 12 में एक सीसी सड़क का भूमिपूजन अकेले ही कर दिया। उस कार्यक्रम में न तो वार्ड पार्षद मौजूद थीं और ना ही नपा सीएमओ।
गौरतलब है कि नपाध्यक्ष गायत्री शर्मा को हटाने के लिए भाजपा एवं कांग्रेस सहित निर्दलीय पार्षद पिछले एक साल से भगवान से लेकर इंसानों के दरबार में चक्कर लगा आए। हर बार आश्वासन मिलने के बाद ऐसी चर्चाएं चल निकलती हैं कि बस एक-दो दिन में ही खेल होने वाला है। इन दावों पर अब शहर की जनता ने भी भरोसा करना बंद कर दिया। एक तरफ पार्षद जोर आजमाइश में लगे हुए हैं, तो वहीं दूसरी तरफ नपाध्यक्ष गाड़ी में गेंती रखकर वार्डों में बनने वाली सड़कों के भूमिपूजन कार्यक्रमों में व्यस्त हैं।
इसी क्रम में बीते शुक्रवार को नपाध्यक्ष ने वार्ड 12 में सिद्धि विनायक हॉस्पिटल के सामने एक कॉलोनी को जाने वाली सड़क का भूमिपूजन कर दिया। इस कार्यक्रम में वार्ड पार्षद सरोज धाकड़ एवं सीएमओ यशवंत राठौर कहीं नजर नहीं आए। यह स्थिति तब है, जबकि वार्ड पार्षद सरोज धाकड़ परिषद की पीआईसी में सदस्य भी हैं। जब हमने पार्षद से पूछा तो वे बोलीं कि हमें बताया ही नहीं गया कि वार्ड में सड़क का भूमिपूजन है।
सभी के ऊपर महीनों वाले नेता का वीटो:
नपाध्यक्ष को हटाए जाने का पार्षदों को आश्वासन भोपाल में पार्टी प्रदेश अध्यक्ष से लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से केंद्रीय मंत्री की ओर से मिल चुका था। बताते हैं कि इन सभी के प्रयासों से नपाध्यक्ष को हटाने की फाइल तैयार होकर नगरीय प्रशासन मंत्रालय तक भी पहुंच गई, लेकिन मंत्री के खास शिवपुरी के महीनों वाले नेताजी के वीटो ने फाइल को हस्ताक्षर तक नहीं जाने दिया।

बिना पार्षद एवं सीएमओ के सड़क का भूमिपूजन करतीं नपाध्यक्ष

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page