July 21, 2026

बोले भाजपा जिलाध्यक्ष: एक साल में बनाएंगे भाजपा का नया जिला कार्यालय, नहीं होगा चंदा
शिवपुरी। जिस पार्टी की सरकार पिछले लगभग दो दशक से विराजमान है, उसका पार्टी कार्यालय शिवपुरी में अभी तक नहीं बन पाया। कोठी नंबर-एक (जो शासकीय है) में बरसों से पार्टी की गतिविधियां संचालित हो रही हैं। ऐसा नहीं है कि इस दिशा में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने विचार नहीं किया, उन्होंने तो 14 वर्ष पूर्व सर्कुलर रोड पर जमीन लेकर भूमिपूजन भी कर दिया था, लेकिन आधा कार्यालय बनने के बाद काम रोक दिया गया। अब नए कार्यालय के लिए रजिस्ट्री कराने के बाद पिछले दिनों कुछ फोटो प्रचारित हुए हैं। अब नया कार्यालय कब तक बन पाएगा? वो तो ईश्वर जाने, लेकिन भाजपा जिलाध्यक्ष ने एक साल में पार्टी कार्यालय बनाने का दावा किया है।
गौरतलब है कि पूर्व में भाजपा का जिला कार्यालय आदर्श नगर कॉलोनी में हुआ करता था। उसे खाली करने के बाद सर्कुलर रोड पर जमीन लेकर उस पर अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित पार्टी कार्यालय बनाने की बात तत्कालीन अतिथियों ने भूमिपूजन के दौरान कही थी। जिसमें वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, पूर्व केबिनेट मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया सहित कई नेता मौजूद थे। उस दौरान शिवपुरी के कई धनाढ्य भाजपा नेताओं ने लाखों रुपए का चंदा दिए जाने पर सहमति भी जताई थी। भूमिपूजन के काफी समय बाद कार्यालय का निर्माण भी शुरू हुआ, लेकिन अज्ञात कारणों के चलते अधूरा भवन बनाने के बाद काम बंद कर दिया गया। बरसों तक अधूरे पड़े इस कार्यालय को निरस्त भी कर दिया गया।
पिछले दिनों कुछ फोटो सोशल मीडिया पर प्रचारित हुईं, जिसमें भाजपा के नए पार्टी कार्यालय के लिए थीम रोड के किनारे लगभग सवा बीघा भूमि की रजिस्ट्री करवाई गई है। उस फोटो में भाजपा जिलाध्यक्ष, तहसीलदार एवं पार्टी उपाध्यक्ष भी नजर आ रहे थे। जब इस संबंध में भाजपा जिलाध्यक्ष जसमंत जाटव से पूछा तो उनका कहना था कि नए भाजपा कार्यालय के लिए जमीन की रजिस्ट्री करवा ली है, तथा एक साल में नया पार्टी कार्यालय बनकर तैयार हो जाएगा। उन्होंने इस बात से भी इंकार किया कि कार्यालय के लिए भाजपा नेताओं से कोई चंदा इकठ्ठा किया जाएगा। उनका कहना है कि पार्टी फंड से ही कार्यालय निर्माण किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page