June 26, 2026
img_20260626_1657273863280820350965078.jpg

छह दिन पहले पिछोर में माइनिंग इंस्पेक्टर को भी धमकाया: वीडियो वायरल होने पर 6 दिन बाद दर्ज कराया प्रकरण
शिवपुरी। देखने-दिखाने को शिवपुरी जिले में प्रशासन व पुलिस बहुत मुस्तैद दिखाई दे रहे हैं, जबकि सच्चाई यह है कि खनन माफिया पर किसी का जोर नहीं चल रहा। राजनीतिक संरक्षण में रेत व पत्थर का अवैध उत्खनन करने वाले माफिया के खौफ का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जब वीडियो वायरल हुआ, तब माइनिंग इंस्पेक्टर ने 6 दिन बाद प्रकरण दर्ज कराया। महत्वपूर्ण बात यह है कि सांसद ने माफियाराज न चलने का दावा किया था, जबकि उनके चहेते विधायक के क्षेत्र में खनन माफिया गोली मारने की धमकी अधिकारी को दे रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने वर्ष 2024 में सांसद बनने के बाद अपने पहले भाषण में कहा था कि मैं अपने संसदीय क्षेत्र में किसी भी तरह का माफियाराज नहीं चलने दूंगा। इसके विपरीत उनके सबसे खास कोलारस विधायक महेंद्र यादव के विधानसभा क्षेत्र में सिंध नदी किनारे 8 घाट पर बेरोकटोक रेत का अवैध उत्खनन व परिवहन हो रहा है। बीते दिनों में रेत माफिया ने सिंध नदी पर बनाए गए स्टॉप डैम को कई बार खोलकर पानी बर्बाद कर दिया, ताकि पानी का लेबल कम होने से अधिक से अधिक रेत निकाली जा सके। कोलारस विधानसभा में सिंध किनारे रेत के 8 अवैध घाट चल रहे हैं, जिनमें सडबूड, घुरवार, रेजा, बांसखेड़ा, चितारा, एनवारा, बूढ़ाडोंगर, बिजरौनी एवं रिजौदी हैं। इन सभी घाटों से कथित तौर पर विधायक के नजदीकी ही रेत का उत्खनन कर रहे हैं।
इसलिए कह रहे माफियाराज::

– बीते 19 जून को माइनिंग इंस्पेक्टर ऋषभ दीक्षित ने बिना रॉयल्टी की पत्थर से भरी ट्रेक्टर ट्रॉली पकड़ी। जिस पर मंगल लोधी व उसके साथी ने रास्ता रोक लिया। दीक्षित ने कोई प्रकरण दर्ज नहीं कराया, लेकिन उस दौरान बना वीडियो जब वायरल हुआ, तो 25 जून को पिछोर थाने में प्रकरण दर्ज हुआ।

– 25 जून को बदरवास में सिंध के सडबूड घाट पर मिट्टी डालकर रेत के ट्रेक्टर निकलने के लिए रास्ता बना रही तीन पीढ़ी लाखन यादव, जय मंडल यादव एवं बकुल यादव को नायब तहसीलदार सचिन भार्गव ने रोका, तो जय मंडल ने धमकी दी कि हमें मत रोको वरना गोली मारकर जेल चले जाएंगे। इस बार भी एंड्रॉयड मोबाइल ने वीडियो बना लिया, तो मामला दर्ज हो गया। यह परिवार भी विधायक का रिश्तेदार बताया जाता है।
मीडिया को छोड़ विधायक सबसे कर रहे बात:
इस संबंध में कोलारस विधायक महेंद्र यादव को दो बार फोन लगाने पर पूरी घंटी बजने के बाद भी कॉल रिसीव नहीं हुआ। जबकि इस दौरान एक बार उनका फोन बिजी भी आया, यानि मीडिया को छोड़ बाकी सबसे होगी बात।
विरोधियों के पकड़वाए थे ट्रेक्टर ट्रॉली:
बीते 5 दिन पूर्व माइनिंग व पुलिस ने बदरवास के रिजौदी घाट से आधा दर्जन वाहन अवैध खनन करते पकड़े थे। सूत्रों का कहना है कि इस घाट पर विधायक के विरोधी व अन्य लोग रेत भर रहे थे, इसलिए प्लानिंग से 7 घाट छोड़कर एकमात्र इसी घाट पर कार्यवाही करवाई थी।

रेत निकालने के लिए बना रहे थे रास्ता, रोका तो दी गोली मारने की धमकी

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page