
इश्क के फेर में बारह के भाव गया पुष्पेंद्र, तीन अन्य साथी भी पुलिस ने दबोचे, शेष आरोपियों की तलाश जारी
मामला घर में घुसकर जबरन अपनी प्रेमिका व उसकी मासूम बेटी को अगवा करने का, अब उतर जाएगा प्यार का बुखार
शिवपुरी। जिले की करेरा तहसील का रहने वाला पुष्पेंद्र चौहान इश्क के फेर में बारह के भाव चला गया। घटना के कुछ घंटों बाद ही कोतवाली पुलिस ने पुष्पेंद्र को गिरफ्तार कर लिया था, और अब उसके तीन साथी भी दाखिले हवालात पहुंच गए। तीन साल का लम्बा समय साथ में गुजारने के बाद भी पुष्पेंद्र यह नहीं समझ पाया कि लड़की समय के साथ कितनी जल्दी बदल जाती है। शायद यही वजह है कि उसने बलपूर्वक अपनी प्रेमिका को ले जाने का प्रयास किया, लेकिन वहां मौजूद तीसरी आंख ने घटना की गम्भीरता को उजागर कर दिया। इसे इत्तेफाक ही कहेंगे कि जिस रात में पुष्पेंद्र ने वारदात को अंजाम दिया, उसी दिन नवागत एसपी ने पदभार ग्रहण किया था।
गौरतलब है कि शिवपुरी शहर के फतेहपुर क्षेत्र में रहने वाली महक व उसकी 3 माह की मासूम बेटी को हथियारों की नोक पर अगवा करने के लिए पुष्पेंद्र चौहान अपने 8-10 साथियों के साथ आया था। अपनी प्रेमिका को हवा में लटका कर गाड़ी तक ले गया, और फिर उसका अपने पक्ष में वीडियो बनवा कर वायरल किया। इधर घर के वीडियो देखकर पुलिस ने बिना देर किए तलाशी अभियान छेड़ा, और पड़ौरा के पास से पुष्पेंद्र व महक सहित मासूम को सुरक्षित बरामद कर लिया। घटना के बाद से उसके साथी फरार थे, जिनकी तलाश में जुटी कोतवाली पुलिस ने तीन साथियों को धर दबोचा। सोमवार को पोलो ग्राउंड के पास से टिंकल पुत्र घनश्याम सोलंकी निवासी अमोला एवं राजा पुत्र छोटेलाल कुशवाह निवासी करेरा को गिरफ्तार कर लिया। इसी क्रम में मंगलवार को कोतवाली पुलिस ने आकाश उर्फ विशाल पुत्र जमुना प्रसाद शर्मा नि. करेरा को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में शामिल शेष आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं। ज्ञात रहे कि घटना के वीडियो देखने के बाद एसपी ने पुष्पेंद्र पर 10 हजार का तथा उसके साथियों पर 5- 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। इस मामले में महक की मां फरियादी बनी है।
अंजाम से दोनों ही अनजान थे:
जो लड़की तीन साल से लिव इन में पुष्पेंद्र के साथ रह रही थी, वो इतनी जल्दी अपना रूप बदलेगी, ऐसा पुष्पेंद्र ने भी नहीं सोचा था। उधर महक भी इस बात से अनजान थी कि उसका प्रेमी उसे अपने साथ ले जाने के लिए इस तरह की वारदात को अंजाम देगा। बताते हैं कि पुष्पेंद्र ने महक के लिए इंदौर में न केवल अलग एक फ्लैट खरीदा था, बल्कि उसके परिजनों को भी वो आर्थिक मदद करता रहता था। अब जबकि लड़की अपने परिवार वालों के साथ चली गई, इधर पुष्पेंद्र भी इस मामले में लंबा चला गया।








