June 18, 2026
ग्रामीण यांत्रिकी विभाग (RES) का नवीन खेत सड़क योजना में बड़ा घोटाला, बिना सड़क बनाए निकाले 21 लाख

ग्रामीण यांत्रिकी विभाग (RES) का नवीन खेत सड़क योजना में बड़ा घोटाला, बिना सड़क बनाए निकाले 21 लाख

जिला पंचायत सदस्य ने की शिकायत, जांच करने पहुंचे एसडीओ, मौके से नदारद थी सड़क

शिवपुरी। घोटालों के लिए मशहूर शिवपुरी जिले की ग्रामीण यांत्रिकी शाखा (RES) का भी एक अनोखा कारनामा सामने आया है। जिसमें वर्ष 2020-21 में स्वीकृत हुई 1.80 किमी की नवीन खेत सड़क योजना के तहत 40.91 लाख की सड़क बनाई जानी थी। सड़क के नाम पर कुछ भी नहीं बनाया गया, तथा 21 लाख रुपए का भुगतान कर दिया गया। इस मामले की शिकायत जब जिला पंचायत सदस्य अवधेश बेड़ियां ने की, तो बुधवार को एसडीओ जांच करने पहुंचे। इसका रोचक पहलू यह है कि ईई को एसडीओ ने किसी दूसरी सड़क का वीडियो बनाकर डाल दिया।

ऐसे समझें RES का घोटाला

वर्ष 2020- 21 में शिवपुरी तहसील की ग्राम पंचायत रातीकिरार में 1.80 किमी लंबी सड़क नवीन खेत सड़क योजना के तहत रामचरण धाकड़ के खेत से पूरन धाकड़ के खेत तक स्वीकृत हुई, जिसमें तीन पुलिया भी शामिल थीं। सड़क की लागत 40.91 लाख रुपए थी, जिसमें से बिना सड़क डाले 21 लाख रुपए का भुगतान निकाल लिया गया। जब इस मामले की शिकायत कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ से जिला पंचायत सदस्य ने की, तो आज RES के एसडीओ अपनी टीम के साथ मौका मुआयना करने गए।

मौके पर नहीं मिली सड़क, भेजा दूसरा वीडियो::

रामचरण के खेत से पूरन के खेत तक की सड़क देखने पहुंची टीम को मौके पर सड़क के नाम पर जुता हुआ खेत मिला। जिला पंचायत सदस्य ने रामचरण का घर और खेत दिखाकर पूछा कि सड़क कहां पर है। इस बीच RES के ईई गोपाल श्रीवास्तव को एसडीओ ने एक नई मुरम सड़क का वीडियो भेजकर यह कह दिया कि मौके पर सड़क तो बनाई है। इस विभाग में यह इकलौता घोटाला नहीं है, बल्कि इसी तरह की सड़क और अन्य कार्यों में लाखों का बंदरबांट करके मौके पर कोई काम नहीं किया गया।

ईई बोले: मैं भेज रहा हूं सड़क का वीडियो

शिकायत होने पर हमने जांच के लिए आज एसडीओ को भेजा है। मौके पर सड़क डाली गई है, जिसका वीडियो मुझे भेजा है। मैं आपको भेज रहा हूं। उन्होंने जो वीडियो भेजा, वो किसी दूसरी मुरम की ताजा डाली गई सड़क का था। जब ईई गोपाल श्रीवास्तव को हमने आज का वीडियो भेजा, तो उसे देखने के बाद उनका कोई जवाब नहीं आया।

रामचरण धाकड़ का घर व खेत, जिसमें नहीं डाली गई सड़क

2 thoughts on “ग्रामीण यांत्रिकी विभाग (RES) का नवीन खेत सड़क योजना में बड़ा घोटाला, बिना सड़क बनाए निकाले 21 लाख

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page