June 9, 2026

अधीनस्थों को दिए निर्देश: आने वाले हर पीड़ित की समस्या को सुनकर उसका करें निराकरण
शिवपुरी। यूं तो जनसुनवाई बरसों से चल रही है, लेकिन आज पुलिस कंट्रोल रूम में जो कुछ नजर आया, उसे देखकर हर कोई यही बोला कि अधिकारी हों तो ऐसा।
हुआ यूं कि एक बुजुर्ग शिकायतकर्ता किसी तरह पुलिस कंट्रोल रूम तक तो पहुंच गया, लेकिन वो सीढ़ियां चढ़कर जनसुनवाई वाले कक्ष तक पहुंचने में असमर्थ था, तो वो नीचे ही बैठा हुआ था। इसी बीच जब एसपी भूटिया आईं तो फिजिकल थाना प्रभारी ने बताया कि यह सीढ़िया नहीं चढ़ पाएगा तो एसपी उसकी पीड़ा सुनने के लिए वहीं बैठ गईं। यह बुजुर्ग लुकवासा का रहने वाला था, तथा पड़ोसी से जमीन का कोई विवाद चल रहा है। एसपी ने उसकी पीड़ा सुनने के बाद अधीनस्थों को कार्यवाही के निर्देश दिए। एसपी भूटिया की जनसुनवाई का यह अंदाज दिन भर चर्चा में बना रहा।
100 से अधिक आईं शिकायतें:
जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आमजनों ने अपनी व्यक्तिगत, पारिवारिक और प्रशासनिक समस्याओं से जुड़ी एक सैकड़ा से अधिक शिकायतें पुलिस अधीक्षक को बताईं। जिसमें मुख्य रूप से जमीनी विवाद, गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश, घरेलू हिंसा, धोखाधड़ी और पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट होने जैसे मामले सामने आए।
लापरवाह अधीनस्थों पर होगी कार्रवाई:
पुलिस अधीक्षक द्वारा स्पष्ट तौर पर कहा है कि जनसुनवाई का मुख्य उद्देश्य पीड़ित को त्वरित न्याय दिलाना है। लंबित प्रकरणों की समीक्षा की जाएगी एवं लापरवाही बरतने बाले अधिकारियों के खिलाफ भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान सीएसपी शिवपुरी संजय चतुर्वेदी, शहर के सभी थाना प्रभारीयों सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

पीड़ित का दर्द जमीन पर बैठकर सुनती हुईं एसपी भूटिया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page