
बैराड़ पुलिस ने 5 लाख की स्मैक के साथ दो आरोपी दबोचे, इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा भी मिला
लुधावली में महिला को पीटने वालों का निकाला जुलूस, फिजिकल थाने में 35 वाहनों पर कार्यवाही
शिवपुरी। जिले को नशे से मुक्त कराने के लिए चल रहे अभियान के तहत बैराड़ थाना पुलिस ने 5 लाख रुपए कीमत की स्मैक के साथ दो आरोपी दबोचे। वहीं लुधावली में महिला के साथ मारपीट करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर देहात थाना पुलिस ने उनका जुलूस निकाला। इधर फिजिकल थाना पुलिस ने यात्री बसों की चेकिंग में 35 वाहनों में कमी पाए जाने पर कार्यवाही की जद में लिया।
बैराड़ टीआई सुरेश शर्मा को जरिए मुखबिर सूचना मिली कि गायत्री कॉलोनी बैराड़ में रहने वाला जीतू उर्फ जितेंद्र प्रजापति स्मैक बेचने की फिराक में है। पुलिस टीम ने उसे कॉलोनी में घर के पास ही दबोच लिया। जीतू के कब्जे से 11.87 ग्राम स्मैक (कीमत 3 लाख रुपए), इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा एवं 16,100 रुपए नगद मिले। वहीं पुलिस ने दूसरा आरोपी रात में सिद्ध बाबा मंदिर के पास से ब्रजेश ओझा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 9.4 ग्राम स्मैक (कीमत 2 लाख रुपए) जब्त की। उक्त दोनों आरोपी पूर्व में भी स्मैक तस्करी में पकड़े जा चुके हैं।
फिजिकल पुलिस की जांच की जद में आए 35 फोर व्हीलर
शिवपुरी शहर की फिजिकल थाना पुलिस द्वारा 27 मई को मजिस्ट्रेट चैकिंग के दौरान चार पहिया वाहन व बसों को भीषण गर्मी व बसों में शॉर्ट सर्किट आदि से आग लगने की होने वाली घटनाओं को दृष्टिगत रखते हुए जेएमएफसी न्यायालय शिवपुरी के मार्गदर्शन में थाना फिजिकल टीआई कृपाल सिंह राठौड़ व उनकी टीम के द्वारा ग्वालियर बायपास चौराहे पर वाहन चैकिंग की गई, जिसमें मुख्यतः बसों व चार पहिया वाहनों को चैक किया गया। चैंकिंग में बसों की चैंकिंग कर फिटनेस, बीमा, परमिट एवं अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार किट, इमरजेसी डोर व खिडकी को चैक किया गया एवं अनफिट पाए जाने वाले चार पहिया व बसों के विरुद्ध कुल 35 चालानी कार्यवाही चैकिंग के दौरान उपस्थित मजिस्ट्रेट न्यायालय शिवपुरी द्वारा की गई।
देहात पुलिस ने निकाला आरोपियों का जुलूस:
पिछले दिनों देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत लुधावली में एक महिला के साथ लाठी डंडों से मारपीट किए जाने की घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी। जिस पर देहात थाना पुलिस न आरोपी चिन्हित कर उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज करने के साथ ही उन्हें गिरफ्तार करने के बाद लुधावली की उसी गली में जुलूस निकाला, जहाँ पर उन्होंने मारपीट की थी।

बैराड़ पुलिस की गिरफ्त में स्मैक तस्कर









