May 30, 2026
तीन मंदिरों के ताले तोड़कर लाखों की चोरी, दानपेटी भी ले गए, पुलिस गश्त पर उठे सवाल

तीन मंदिरों के ताले तोड़कर लाखों की चोरी, दानपेटी भी ले गए, पुलिस गश्त पर उठे सवाल

गिर्राज धरण मंदिर से दान पेटी और 2 किलो चांदी चोरी, श्रद्धालुओ में नाराजगी, चोर बेसुराग

शिवपुरी। अभी तक तो चोर सूने घरों को निशाना बना रहे थे, लेकिन अब उनकी नजर मंदिरों पर पड़ गई। शिवपुरी जिले की करेरा विधानसभा के दिनारा कस्बे में बीती रात चोरों ने तीन मंदिरों के ताले चटका कर दानपेटियों में रखी नगदी सहित आभूषण चोरी कर लिए। चोर अपने साथ दानपेटियों को भी उठाकर ले गए। मंदिरों में चोरी होने से स्थानीय श्रद्धालुओं में नाराजगी पुलिस के रात्रि गश्त पर सवाल किए जा रहे हैं। महत्वपूर्ण बात यह हैं कि एक मंदिर में तो एक माह पूर्व ही चोरी हुई थी, जिसका पता नहीं चल पाया, तो चोरों ने दूसरी बार उसे अपना निशाना बना लिया।
दिनारा रेस्ट हाउस के पीछे स्थित श्रद्धा और आस्था के प्रमुख केंद्र गिर्राज धरण मंदिर परिसर में हनुमान मंदिर सहित दो मंदिरों से चोर दान पेटी और करीब 2 किलो चांदी चोरी कर ले गए। मंदिर के पुजारी के अनुसार चोरी गए सामान और नकदी की कुल कीमत करीब 8 से 9 लाख रुपए बताई जा रही है। मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि करीब एक माह पहले भी मंदिर की दान पेटी का ताला टूटा मिला था। उस समय पुलिस को सूचना दी गई थी, लेकिन मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। समिति का आरोप है कि यदि उस घटना को गंभीरता से लिया जाता तो शायद इतनी बड़ी चोरी दोबारा नहीं होती।घटना के बाद मंदिर समिति, पुजारियों और श्रद्धालुओं में आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि यह केवल चोरी की घटना नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की धार्मिक आस्था और विश्वास पर सीधा प्रहार है। श्रद्धालुओं ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब मंदिर जैसे पवित्र स्थान भी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोग कितने सुरक्षित हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।
इधर, मंदिर समिति ने प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और रात्रि गश्त को अधिक प्रभावी बनाने की मांग की है। श्रद्धालुओं का कहना है कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो लोगों का आक्रोश और बढ़ सकता है।

तीन मंदिरों के ताले तोड़कर लाखों की चोरी, दानपेटी भी ले गए, पुलिस गश्त पर उठे सवाल
दिनारा के इस मंदिर में भी हुई चोरी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page