April 19, 2026
प्रदेश सहित देश भर में बिगड़ी छबि को सुधारने, दो दिन बाद विधायक पुत्र को लेकर घटनास्थल देखने की पुलिस कवायद

प्रदेश सहित देश भर में बिगड़ी छबि को सुधारने, दो दिन बाद विधायक पुत्र को लेकर घटनास्थल देखने की पुलिस कवायद
विधायक पिता से नहीं बनती छोटे बेटे दिनेश की, इसलिए अधिकांश रहता है जलालपुर ग्वालियर, करेरा क्षेत्र में हो गई दोस्ती

शिवपुरी। पिछोर के विधायक पुत्र दिनेश लोधी द्वारा 5 लोगों को अपनी थार गाड़ी से टक्कर मार दी थी। जब यह मामला प्रदेश सहित देश भर में चर्चित हुआ। क्योंकि करेरा टीआई ने पुलिस ने सब कुछ ज्ञात होने तथा दुर्घटना के शिकार हुए लोगों द्वारा बताए जाने के बाद भी अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। अब जबकि मामला तूल पकड़ गया तो अपनी कट चुकी नाक को बचाने के लिए रविवार को विधायक के पुत्र को करेरा तलब किया। हास्यास्पद बात यह है कि अपनी खोई हुई इज्जत को बचाने के लिए विधायक पुत्र को पैदल साथ में ले जाकर एसडीओपी एवं टीआई ने घटनास्थल देखा। जिसके वीडियो भी बनवाए, ताकि यह नजर आए कि पुलिस ने विधायक पुत्र की परेड करवाई।
ज्ञात रहे कि दो दिन पूर्व करेरा क्षेत्र में पिछोर विधायक के बेटे दिनेश लोधी ने अपने पिता के नाम वाली थार गाड़ी से 5 लोगों को टक्कर मार दी थी। टक्कर लगने से घायल हुए लोगों ने चीख-चीखकर बताया कि उन्हें पिछोर विधायक के पुत्र दिनेश लोधी ने टक्कर मारी है। इतना ही नहीं मौके पर विधायक का नाम लिखी हुई बिना नंबर की थार भी वहीं पर रोक ली थी। अपने कारनामों के लिए चर्चित करेरा टीआई ने अज्ञात के खिलाफ दुर्घटना का मामला दर्ज करके कागजी खानापूर्ति कर दी। जब हमारे साथी मीडियाकर्मी ने थाने जाकर देखा तो वहां पर टक्कर मारने वाली थार भी नहीं थी। जब टीआई से सवाल किया तो वे सकपका गए। बाद में आरोपी की जगह दिनेश लोधी का नाम लिख लिया गया। जब इस मामले ने तूल पकड़ा, तो करेरा पुलिस की प्रदेश सहित देश भर में फजीहत होने लगी। जिस पर परदेदारी करने के लिए दिनेश लोधी को आज करेरा थाने पर बुलाया गया, तथा चिलचिलाती धूप में एसडीओपी व टीआई पैदल दिनेश को साथ लेकर घटनास्थल देखने पहुंचे। जिसका बकायदा वीडियो भी बनाया गया। सवाल यह है कि पहले पीड़ितों ने जो घटनास्थल बताया था, उस पर पुलिस को भरोसा नहीं था क्या, जो आज आरोपी को साथ ले जाकर घटनास्थल देखने की नौटंकी करनी पड़ी।

विधायक से नहीं बनती अपने छोटे बेटे की

बताते हैं कि पिछोर से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी के दो बेटे राकेश बड़ा बेटा तथा दिनेश छोटा है। दिनेश की हरकतों की वजह से विधायक उसे ग्वालियर ही रखते हैं, जबकि बड़ा बेटा राकेश उनका खनियाधाना क्षेत्र संभाले हुए है। दिनेश की दोस्ती करेरा के कुछ समाज बंधु लड़कों से हो गई है, जो उसे बुला लेते हैं। यही वजह है कि जिस दिन घटना हुई, उसके कुछ देर बाद ही विधायक पिछोर ने सोशल मीडिया पर अपना स्टेटमेंट दे दिया था कि बेटा या परिवार से सर्वोपरि जनता है। महत्वपूर्ण बात यह है कि विधायक ने करेरा पुलिस को कार्यवाही के लिए भी संदेश में लिखा था, लेकिन पुलिस दो दिन बाद जागी, जब सभी जगह इज्जत तार-तार हो चुकी थी।

प्रदेश सहित देश भर में बिगड़ी छबि को सुधारने, दो दिन बाद विधायक पुत्र को लेकर घटनास्थल देखने की पुलिस कवायद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page