
पत्नी का तोड़ा मोबाइल, जब घर छोड़कर जाने लगी तो उसे दुनिया से कर दिया अलविदा
करेरा के टीला रोड पर बीती रात पति ने पत्नी को उतार दिया मौत के घाट, देवर-देवरानी गए ब्याज में
शिवपुरी। जिले की करेरा तहसील के ग्राम तिलाई बीती रात एक पति ने अपनी पत्नी को गला दबाकर मौत के घाट उतार दिया। हत्या करने के बाद उसने अपने साले को फोन पर सूचना देकर पूरी घटना बताई। पुलिस ने इस मामले में पति को तो गिरफ्तार कर ही लिया, मृतका के देवर और देवरानी भी ब्याज में चले गए।
नंदनी साहू की शादी 5 साल पूर्व टीला रोड निवासी संदीप साहू से हुई थी। इनके पास 4 साल का एक बेटा भी है। नंदनी अपने मोबाइल पर किसी से लंबी बातें करती थी, जिसके चलते संदीप उसके चरित्र पर संदेह करता था। इसी बात पर दोनों के बीच आए दिन विवाद भी होता रहता था। ऐसे ही एक दिन नंदनी को जब मोबाइल पर बात करते संदीप ने सुना तो उसने उसका मोबाइल तोड़ दिया। जिसकी सूचना जब नंदनी के परिजनों को लगी, तो उन्होंने दोनों को समझाया।
बीते शनिवार की देर शाम नंदनी अपने पति का घर छोड़कर जाने की तैयारी कर रही थी। इसी बात पर दोनों के बीच फिर झगड़ा हो गया, तथा नंदनी ने इस दौरान संदीप के थप्पड़ भी जड़ दिया। मामला शांत होने की बजाए इतना अधिक बढ़ गया कि संदीप ने घर के अंदर ही नंदनी का गला दबाकर उसकी जान ले ली। इसके बाद संदीप ने अपने ससुरालियों को सूचना दी, तथा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने देखा कि मृतका एवं उसके पति के शरीर में दांतों से काटने व नोचने के निशान थे। पुलिस ने इस मामले में संदीप के अलावा उसके छोटे भाई व उसकी पत्नी को भी संदिग्ध मानकर उठा लिया।
इस पूरे विवाद की जड़ मोबाइल और उस पर बात करने वाला अज्ञात शख्स है। महिलाएं मोबाइल में रील बनाने के अलावा जब अन्य लोगों से लंबी बातचीत करती हैं, तो उनके पति शंका करते हैं, और विवाद इस तरह की घटना तक पहुंच जाते हैं।






