
दिल्ली से कौन दे रहा फरमान..?, पूछ रहे पिछोर विधायक प्रीतम, गोबर से आईपीएस का बंगला भरने की चेतावनी
शिवपुरी। पिछोर विधायक प्रीतम लोधी का एपीसोड सोमवार को अलग-अलग बयानबाजी के बीच चलता रहा। जिसमें विधायक अब यह पूछ रहे हैं कि पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को दिल्ली से कौन फरमान दे रहा है?। इतना ही नहीं अब तो विधायक चेतावनी दे रहे हैं कि यदि करेरा एसडीओपी ने 15 दिन में स्पष्टीकरण नहीं दिया, तो मैं 10 हजार लोगों के साथ ट्रॉली में गोबर ले जाकर करेरा एसडीओपी का बंगला भर दूंगा।
यह सर्वविदित है कि दिल्ली में केंद्रीय मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया रहते हैं, और शिवपुरी की राजनीति में उनका हो बोलबाला है। पिछोर विधायक का पुलिस से पुराने समय में अपराधी के रूप में टकराव होता था, और अब सत्ता के विधायक बनने के बाद वो पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोलने लगे हैं। ज्ञात रहे कि पिछली बार शिवपुरी शहर में रेली निकाल कर एसपी के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए कलेक्ट्रेट में ज्ञापन दिया था।
इस पूरे एपीसोड में सोचनीय पहलू यह है कि भाजपा संगठन इस पूरे मामले में चुप्पी साधे हुए है, जबकि आईपीएस लॉबी भी इस मनमानी पर चुप है। जब आईपीएस को प्रॉबिशनर पीरियड में यह सब झेलना पड़ रहा है, तो फिर आईपीएस को जब किसी जिले की कमान मिलेगी, तो उनकी कार्यप्रणाली कितनी बेहतर रह पाएगी..?। महत्वपूर्ण बात यह है कि विधायक बनने से पहले प्रीतम को ग्वालियर में पुलिस का थर्ड डिग्री झेलना पड़ा था, शायद इसलिए ही वो पुलिस के विरोध में कुछ भी कहने से परहेज नहीं कर रहे।






