June 16, 2026
वीआईपी के लिए अच्छी सड़क पर नई रोड डाल रहे, जहां से किसान निकल रहा, उस पर खतरा

वीआईपी के लिए अच्छी सड़क पर नई रोड डाल रहे, जहां से किसान निकल रहा, उस पर खतरा

शिवपुरी-पिपरसमा रोड पर रेलवे अंडर ब्रिज रोड पर अंधेरे के बीच सड़क में हुए गहरे गड्ढे, बरसात में पानी भरने के बाद होंगे गम्भीर हादसे

शिवपुरी। जिला मुख्यालय पर जिस सड़क से होकर वीआईपी टूरिस्ट विलेज पहुंचेंगे, उन अच्छी भली सड़कों पर डामर की नई परत डाल दी, लेकिन जिस सड़क से अन्नदाता निकलता है, उस सड़क पर जानलेवा खतरे हैं। जी हाँ, हम बात कर रहे हैं शिवपुरी-पिपरसमा रोड पर स्थित रेलवे का अंडर ब्रिज। जिसमें अंधेरा होने के साथ-साथ सड़क पर गहरे-चौड़े गड्ढे हो जाने की वजह से दुपहिया वाहन वाले अनियंत्रित होकर गिर रहे हैं। बरसात के मौसम में तो पानी भर जाने से स्थिति और भी अधिक खतरनाक होना तय है।
शिवपुरी की कृषि उपज मंडी पिपरसमा में है, जिसमें कार्यरत स्टाफ के अलावा शिवपुरी शहर के व्यापारी, हम्माल तो जाते ही हैं, साथ ही एक दर्जन गांव में रहने वाले हजारों लोग भी इसी रोड से होकर गुजरते हैं। इस रोड पर शिवपुरी से महज 3 किमी दूरी पर रेलवे का अंडर ब्रिज है, जिसमें से होकर यात्री बसों के अलावा, किसानों की फसल से भरी ट्रेक्टर ट्रॉलियां, लोडिंग एवं बड़ी संख्या में दुपहिया वाहन निकलते हैं। इस ब्रिज के बीच में जहां पूरी तरह से अंधेरा छाया रहता है, तथा दिन में भी लाइट जलानी पड़ती है, वहां पर सड़क की जगह उखड़ी गिट्टी एवं गहरे-चौड़े गड्ढे हो गए हैं। इस बदहाल हो चुकी सड़क में अंधेरे वाले स्थान से लेकर ब्रिज के दोनों तरफ शुरुआत तक पानी भर जाता है। अभी तो गाड़ी की लाइट में गड्ढे दिख जाते हैं, लेकिन जब पानी भर जाएगा, तो यह सड़क और भी अधिक न केवल खतरनाक हो जाएगी, बल्कि गंभीर हादसों का सबब भी बन सकती है।
इस सड़क को बरसात से पहले सुधारा जाना बेहद जरूरी था। चूंकि इस सड़क से वीआईपी नहीं निकलते, बल्कि अन्न उपजाने वाला किसान निकलता है, तो उसे अच्छी सड़क की जरूरत नहीं है, ऐसा हमारे जिले के जिम्मेदार अधिकारी मानते हैं। यही वजह है कि इस बदहाल सड़क की जगह नई सड़क बनाना तो दूर, उखड़ चुकी सड़क की रिपेयरिंग तक नहीं की गई।

वीआईपी के लिए अच्छी सड़क पर नई रोड डाल रहे, जहां से किसान निकल रहा, उस पर खतरा
रेलवे अंडर ब्रिज का ऊबड़ खाबड़ रास्ता, जो पानी भरने के बाद होगा जानलेवा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page