
विधायक की प्लेट वाली गाड़ी से विधायक पुत्र ने दूसरी विधानसभा में बाइकों में मारी टक्कर
पुलिस ने किया अज्ञात पर मामला दर्ज, विधायक बोले: पुत्र व परिवार से पहले जनता सर्वोपरी
शिवपुरी। अपनी विधानसभा छोड़कर दूसरी विधानसभा में स्कूल जा रहे छात्र-छात्राओं की गाड़ी में एक थार गाड़ी ने टक्कर मार दी। टक्कर मारने वाली गाड़ी की नम्बर प्लेट वाली जगह पर विधायक के नाम की प्लेट लगी थी, तथा कांच में ऊपर की तरफ प्रीतम लोधी, विधायक पिछोर लिखा हुआ था।
मामला गुरुवार की दोपहर करेरा के मुख्य बाजार का है, जहां दुपहिया वाहन पर जा रहे छात्र- छात्राओं को पीछे से पिछोर विधायक प्रीतम लोधी के पुत्र दिनेश लोधी ने टक्कर मार दी। लड़कियों ने जब पीछे मुड़कर देखा तो नम्बर प्लेट की जगह विधायक की प्लेट लगी थी। टक्कर लगने के बाद पीड़ित छात्र-छात्राओं ने करेरा पुलिस से शिकायत की, तो नाम स्पष्ट होने के बावजूद करेरा पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
इसी बीच स्टाइलिश ड्रेस में विधायक पुत्र दिनेश लोधी का वीडियो भी सामने आया। जिसमें बच्चों के परिजनों ने दिनेश से टक्कर मारने की वजह पूछी, तो उसने बताया कि यह सड़क पर लहरा कर गाड़ी चला रहे थे। इस दौरान विधायक पुत्र ने वीडियो बनाने से भी मना किया। हालांकि करेरा पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
विधायक ने मारा छक्का: जनता सर्वोपरि बताई
इस घटना के बाद ऐसा लग रहा था कि पिछोर विधायक प्रीतम लोधी अपने बेटे का पक्ष मजबूती से रखेंगे, लेकिन उन्होंने तो सीधा छक्का मार दिया। प्रीतम लोधी ने अपनी आईडी से एक संदेश डाला कि विधायक का पुत्र हो या परिवार, जनता सर्वोपरि है। पीड़ित को न्याय मिले, करेरा पुलिस कार्यवाही करे।
विधायक व उनके पुत्र में विवाद के भी किस्से सुने
पिछोर विधायक प्रीतम लोधी और उनके बेटों के बीच विवाद के किस्से पहले सुर्खियां बन चुके हैं। एक बार तो विधायक द्वारा पीते जाने की चर्चा सरगर्म रही थी। शायद यही वजह है कि विधायक ने पुत्र से ज्यादा जनता को सर्वोपरि माना।






