May 3, 2026
शिवपुरी शहर सहित जिले में प्रकृति ने ढहाया कहर, कई जगह उखड़े पेड़, दबी गाड़ियां, इमलिया गांव में लगी आग

शिवपुरी शहर सहित जिले में प्रकृति ने ढहाया कहर, कई जगह उखड़े पेड़, दबी गाड़ियां, इमलिया गांव में लगी आग

पोलो ग्राउंड में पेड़ गिरने से टूटी दीवार, थीम रोड पर मस्जिद के सामने, राजेश्वरी मंदिर के पास भी गिरे पुराने पेड़, आवागमन भी हुआ बाधित

शिवपुरी। प्रकृति का कहर शनिवार को शिवपुरी शहर सहित जिले के कई हिस्सों में टूटा। कई जगह पुराने पेड़ उखड़कर धराशाई हो गए, तथा कुछ जगह तो पेड़ के नीचे दबने से गाड़िया क्षतिग्रस्त हो गईं, तो कुछ राहगीर भी चोटिल हो गए। इमलिया गांव में खेत की नरवाई से भड़की आग ने गांव के टपरे-टपरी जलाकर खाक कर दीं। लगभग आधा घंटे चले इस प्राकृतिक कहर के बाद मौसम खुल गया, तथा धूप भी निकल आई। आंधी में पेड़ उखड़ने से कई जगह बिजली के तार टूटने की वजह से पूरे शहर की बिजली गुल हो गई। निकली तेज धूप और गर्मी के मौसम में बिजली गुल होते ही लोग पसीना-पसीना होते रहे।
आज सुबह से मौसम साफ था, लेकिन दोपहर 12 बजे के बाद एकाएक आसमान पर काले बादल छा गए, तथा तेज आंधी शुरू हो गई। हवा की रफ्तार इतनी तेज थी कि लोग खुले में खड़े होने की बजाए दीवार की आड़ में खड़े हो गए। चूंकि शिवपुरी शहर में हर तरफ धूल-मिट्टी होने की वजह से आंधी के दौरान हर तरफ धूल के गुबार उड़ते नजर आए। लगभग 15 मिनट चली तेज हवाओं ने कई पुराने पेड़ों को उखाड़ दिया। इसके बाद तेज बूंदाबांदी होने की वजह से उड़ने वाली धूल पर अंकुश लगा, जिससे शहर की सड़कें गीली हो गईं। महज आधा घंटे की इस प्राकृतिक आपदा ने शहर को तहस-नहस कर दिया।

 

प्रकृति का कुछ ऐसा टूटा कहर:

  • शहर के बीचोबीच स्थित पोलो ग्राउंड में जिम की तरफ लगा एक बड़ा पेड़ सड़क की तरफ गिर जाने से खेल मैदान की बाउंड्री टूट गई, तथा पेड़ की चपेट में आए कुछ राहगीर भी चोटिल हो गए।
  • थीम रोड पर सुबात मस्जिद के सामने लगा विशाल नीम का पेड़ भी सड़क पर आ गिरा, जिसके नीचे कई दुपहिया वाहन दब गए।
  • राजेश्वरी रोड पर मंदिर के पास भी एक बड़ा पेड़ उखड़कर सड़क पर आ गिरा।
  • इसके अलावा भी कई जगह पेड़ की डालियां टूट कर बिजली के तारों में उलझ गईं। जिसके चलते पूरे शहर की बिजली गुल हो गई।
  • – जिले के इमलिया गांव में तेज आंधी के बीच आग भड़क गई, जिसने आसपास की टपरों को अपनी चोट में ले लिया।
    आमजन को डाला संकट में:
    लगभग आधा घंटे तक तेज आंधी और बारिश होने के बाद मौसम साफ हो गया, तथा सूरज अपनी तपन भरी धूप लेकर निकल आया। जब मौसम आंधी बारिश का हुआ, तो कई लोग अपनी टोपी, गमछा घर पर रखकर बाजार में बदहाली देखने आ गए। लेकिन उसके बाद निकली तेज धूप और गर्मी के बीच पंखे बंद होने से वो पसीना-पसीना हो गए।
    घूमती रहीं बिजली कंपनी की टीम:
    आंधी अधिक तेज होने की वजह से बिजली की लाइन ओर पेड़ आदि गिरने से बड़े फाल्ट हो गए। जिन्हें सुधारने के लिए बिजली कंपनी की टीमें भी जुट गई। यह तो अच्छा है कि मौसम खुल गया, तो बिजली कर्मचारियों को काम करने में अधिक परेशानी नहीं आ रही।
शिवपुरी शहर सहित जिले में प्रकृति ने ढहाया कहर, कई जगह उखड़े पेड़, दबी गाड़ियां, इमलिया गांव में लगी आग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page