June 26, 2026
img_20260626_1614106082136100355428083.jpg

रेलवे ओवरब्रिज के फेर में इसी रोड से किया ट्रैफिक डायवर्ट, सड़क को दुरुस्त कराना भूले जिम्मेदार, रात में बढ़ जाता है खतरा
शिवपुरी। सावधान! यदि आप रात पोहरी रोड से होकर शिवपुरी रेलवे स्टेशन जा रहे हैं तो, क्योंकि इस रोड पर सड़क गायब है। रोड के नाम पर गहरे-चौड़े गड्ढे तथा रात में चौतरफा घुप अंधेरा पसरा रहता है। बदहाल सड़क पर बंद स्ट्रीट लाइटें यहां से गुजरने वाले लोगों के लिए किसी गम्भीर हादसे को आमंत्रित कर रही हैं।
ज्ञात रहे कि शिवपुरी शहर के पोहरी रोड पर चल रही पंचवर्षीय ओवरब्रिज योजना के चलते इस रोड पर ट्रैफिक बंद करके रेलवे स्टेशन वाली सड़क से डायवर्ट किया गया है। पोहरी रोड से स्टेशन की तरफ घूमते ही ऊबड़-खाबड़ सड़क लोगों का स्वागत करती है। लगभग 500 मीटर लंबी इस सड़क में 5 सैकड़ा से अधिक गड्ढे लोगों के लिए बड़ा खतरा बने हुए हैं। ऐसी खतरनाक गड्ढों वाली सड़क पर उजाले के लिए स्ट्रीट लाइट भी बंद पड़ी हैं।
अधिकांश लोग रात में जाते हैं:
इस रोड पर दिन में सीमित ट्रैफिक रहता है, जबकि अंधेरा होते ही इस रोड पर दुपहिया, तिपहिया एवं छोटे चारपहिया वाहनों में सवार होकर लोग बमुश्किल खतरा उठाकर निकल पाते हैं। चूंकि शिवपुरी से लंबी दूरी की अधिकांश ट्रेन रात में ही निकलती हैं, इसलिए शहरवासियों के लिए यह रोड बड़ा खतरा बनी हुई है।
ट्रैफिक डायवर्ट करने से पूर्व सुधारनी थी सड़क:
पोहरी रोड पर बन रहे रेलवे ओवरब्रिज की वजह से ट्रैफिक को रोक कर रेलवे स्टेशन वाली सड़क से डायवर्ट कर दिया था। ट्रैफिक निकालने से पहले इस रोड को दुरुस्त करना जिम्मेदार भूल गए, जिसके चलते शहरवासी खतरा उठाने को मजबूर है।

रेलवे स्टेशन जाने वाली गड्ढों भरी सड़क

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page