June 25, 2026
img-20260602-wa00181791405894513897248.jpg

पोहरी के पार्षद के घर से चोर उठा ले गए 3 क्विंटल बजनी लोहे की तिजोरी, जेवर भी गए
शिवपुरी। शिवपुरी जिले की दो छात्राओं ने अपने घर से दूर कमरे में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। जबकि पोहरी नगर परिषद के एक पार्षद के सूने घर से चोर 3 क्विंटल बजनी लोहे की तिजोरी व उसमें रखा जेवर भी चुराकर ले गए। सभी मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कोलारस की नीट छात्रा ने हल्द्वानी में दी जान:
जिले के कोलारस थाना क्षेत्र के मानीपुरा में रहने वाले रघुवीर जाटव की 19 वर्षीय बेटी अंजली जाटव उत्तराखंड के हल्द्वानी में पेइंग गेस्ट के रूप में रहते हुए नीट परीक्षा की तैयारी कर रही थी। अंजली बीते 30 मई को घर से गई थी, तथा आगामी 29 जून से उसकी रेगुलर कक्षाएं शुरू होने वाली थीं। बीते मंगलवार को अंजली की एक सहेली का फोन परिजनों के पास आया कि अंजली मेरा फोन नहीं उठा रही है। जब स्थानीय लोगों ने देखा तो कमरा अंदर से बंद था, तथा अंजली की लाश कमरे में फांसी के फंदे पर लटक रही थी। पुलिस को उसके पास से कोई सुसाइड नोट तो नहीं मिला, लेकिन उसकी डायरी में एक जगह लिखा हुआ था कि – एक को छोड़ दिया है, दूसरे को नहीं छोड़ूंगी। हल्द्वानी पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है।
मां को विवाद के बारे में बताकर लगाई फांसी:
खनियाधाना के ग्राम पनिहारी में रहने वाली शिल्पी लोधी 12वीं की छात्रा थी। उसके पिता की मौत 5 साल पूर्व हो जाने के बाद उसकी मां मेहनत मजदूरी करके पढ़ा रही थी। शिल्पी पिछोर में किराए का कमरा लेकर पढ़ाई कर रही थी। बीते बुधवार की शाम 4 बजे शिल्पी ने अपनी माँ को फोन करके बताया कि आज लाइब्रेरी में कुछ लड़कों से विवाद हो गया, तथा उन्होंने मोबाइल व सिम छीन ली। मां ने कहा कि थाने में जाकर रिपोर्ट कर दो, तो उसने बताया कि थाने जाते समय कुछ लोग उसे वापस ले आए। रात 8 बजे शिल्पी के कमरे में उसका शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। उसका कमरा अंदर से बंद था। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पोहरी में पार्षद के सूने घर से चोरी:
नगर परिषद पोहरी के पार्षद नीतू शर्मा के सूने घर से चोर 3 क्विंटल बजनी लोहे की तिजोरी, तथा उसमें रखे जेवर चोरी के के गए। इसके अलावा घर की गैलरी में रखी बाइक भी चोर उठा ले गए। पार्षद के भाई अनुज शर्मा ने बताया कि बीते 13 जून से पार्षद बाहर गए हुए हैं। गुरुवार की सुबह उन्हें घर में चोरी का पता चला। वहां आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में 5- 6 बदमाश दो बाइक से आते जाते दिख रहे हैं। जेवर कितने थे, यह तो पार्षद ही आकर बता पाएंगे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कार पलटने से चचेरे भाइयों की मौत:
ललितपुर में एक शादी समारोह से वापस आ रहे शिवपुरी के 4 युवकों की कार बामौरकला के पास बीती रात अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में दुर्गापुर निवासी चचेरे भाई राघवेंद्र यादव (20) एवं कल्ला यादव (22) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि हादसे में घायल अमन यादव एवं यश यादव को इलाज के लिए झांसी ले जाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page