करेरा में रेत का अवैध उत्खनन: खाती बाबा मंदिर के महंत ने किया विरोध तो किया फायर
शिवपुरी। सरकारी डॉक्टर पर लोग आज भी भरोसा करके उनसे इलाज करवाते हैं, लेकिन जब डॉक्टर ही फर्जी हों तो फिर किस पर भरोसा किया जाए..?। ऐसा ही कुछ मामला संजीवनी क्लीनिक में सामने आया है, जहां पर दो महीने नौकरी करने वाले डॉक्टर अब पोल पट्टी खुलने के डर से भाग गए। वहीं जिले के करेरा विधानसभा में रेत माफिया इस कदर हावी हो गए कि वो अब मंदिर के महंत को डराने के लिए फायर करने से भी नहीं चूक रहे।
पिछले दिनों स्वास्थ्य विभाग में नियुक्ति पाने वालों के दस्तावेज जब खंगाले गए तो उनमें कई ऐसे डॉक्टर पकड़ में आए, जिन्होंने फर्जी डिग्रियों के आधार पर सरकारी नौकरी हथिया ली थी। जब दमोह में ऐसा ही फर्जी डॉक्टर पकड़ में आया, तो फिर जांच पड़ताल पूरे प्रदेश के साथ शिवपुरी में भी शुरू हो गई। जिसके चलते फर्जी डिग्री से नौकरी कर रहे दो डॉक्टर को खतरा महसूस हो गया। हवाई पट्टी के पास स्थित संजीवनी क्लीनिक में 10 फरवरी 2026 को पदस्थ हुए डॉ. आकाश चान्दोलकर बीते 20 मई को इस्तीफा देकर चले गए। वहीं मनियर के संजीवनी क्लीनिक में 13 फरवरी 2026 को पदस्थ हुए डॉ. मोहर सिंह पहले घर में गमी की बात कहकर छुट्टी पर गए, और अब 23 मई को 7 दिन के अवकाश पर चले गए। सीएमएचओ डॉ. संजय ऋषिश्वर ने नए पदस्थ हुए डॉक्टरों के दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है।
महंत से उलझे रेत माफिया, मशीनें हुईं जब्त:
करेरा के सुनारी चौकी अंतर्गत खाती बाबा मंदिर के पास रेत का अवैध उत्खनन जोरशोर से चल रहा था। खनन माफिया जब मंदिर की तरफ बढ़े तो मंदिर के महंत ने उन्हें रेत खनन से रोका। जिसके चलते उनके बीच विवाद हो गया। महंत ने आरोप लगाया कि खनन माफिया ने उन्हें डराने के लिए फायर भी किए। सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी चेतन शर्मा व तहसीलदार की टीम पहुंची, तो माफिया भाग गए, लेकिन प्रशासन मौके से एक पोकलेन, एल & टी एवं एक ट्रेक्टर ट्रॉली जब्त करके ले आए।
6 लाख की स्मैक लेकर खड़ा था मेडिकल कॉलेज के पास, पुलिस ने मय कार के दबोचा
शिवपुरी। कोतवाली पुलिस ने बीते बुधवार की शाम शिवपुरी मेडिकल कॉलेज के पास सुनसान रास्ते पर कार में सवार एक स्मैक तस्कर को दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से 6 लाख रुपए कीमत की स्मैक एवं 14 लाख रुपए कीमत की कार भी जब्त की है।
बीते 27 मई को कोतवाली टीआई रोहित दुबे को सूचना मिली कि एक व्यक्ति मेडीकल कॉलेज शिवपुरी के सामने कच्ची रास्ते पर स्मैक विक्रय करने की नियत से खडा है। पुलिस की टीम जब मौके पर पहुंची तो वहां एक व्यक्ति मुखबिर के हुलिया के अनुसार स्विफ्ट कार के पास खडा दिखा जो पुलिस को अपनी ओर आता देख भागने लगा। जिसे स्टाफ की मदद से घेरकर पकड़कर नाम- पता पूछने पर उसने अपना नाम हफीज (38) पुत्र रफीक मोहम्मद नि. हिम्मतगढ थाना पनिहार ग्वालियर हाल गोल पहाडिया ग्वालियर का होना बताया। उसकी तलाशी ली गई तो लोअर में बायीं तरफ जेब में एक पारदर्शी पन्नी के अन्दर 33.87 ग्राम स्मैक रखी पाई गई जो कुल कीमती 6 लाख रुपए की है, जिसे वो वहां बेचने के लिए आया था। आरोपी के खिलाफ अप.क्र. 417/26 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। आरोपी से स्मैक के सोर्स के संबंध में पूछताछ की जा रही है, तथा उससे जुड़े रैकेट का भी पर्दाफाश किया जाएगा।





