May 10, 2026
सही साबित हुई SD News की खबर: खैर की लकड़ी का तस्कर अनूप घाटीगांव में फॉरेस्ट की एसटीएफ ने दबोचा

सही साबित हुई SD News की खबर: खैर की लकड़ी का तस्कर अनूप घाटीगांव में फॉरेस्ट की एसटीएफ ने दबोचा

बोले सीएफ: हमारी टीम ने जब्त की खैर की।लकड़ी, अब सिंध नदी में से बनाया गया रास्ता भी करेंगे नष्ट

शिवपुरी। माधव टाइगर रिजर्व के कोर एरिया में स्थित बेचिराग गांव रायपुर की पहाड़ी से खैर का जंगल काटने वाला तस्कर अनूप यादव को आखिरकार फॉरेस्ट एसटीएफ ने घाटीगांव में धर दबोचा। अनूप के पकड़े जाने की पुष्टि करते हुए सीएफ फॉरेस्ट ने कहा कि सिंध नदी में बनाए गए रास्ते को नष्ट करके इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। गौरतलब है कि SD न्यूज ने इस मामले को प्रमुखता से उठाया था, जिस पर काम करके फॉरेस्ट को इतनी बड़ी सफलता मिल सकी।
ज्ञात रहे कि बीते दिनों खैर की लकड़ी के तस्कर अनूप यादव की लोकेशन शिवपुरी जिले के एरावन धमकन गांव के पास मिली थी। यहां पर अमन पवैया एवं वीरेंद्र सिंह बेस के फार्म हाउस के पास सिंध नदी के डिस्चार्ज वाटर वाली नदी में से रास्ता बनाकर बेचिराग ग्राम रायपुर की पहाड़ी से काटी गई तीन ट्रक खैर की लकड़ी में से दो ट्रक तो उस वैकल्पिक रास्ते से निकाल ली गई थी, जबकि तीसरे ट्रक की लकड़ी को वहीं पटक कर भाग गए थे। चूंकि खैर की लकड़ी का तस्कर अनूप यादव 6 माह पूर्व दतिया में खैर की लकड़ी के साथ जब पकड़ा गया, तो वो फॉरेस्ट एवं पुलिस पर फायरिंग करके भाग गया था। उसके बाद से वो एसटीएफ फॉरेस्ट के टारगेट पर था।
पिछले दिनों जब SD न्यूज ने खैर की लकड़ी की कटाई एवं अनूप की मौजूदगी की जानकारी भोपाल के पीसीसीएफ मनोज अग्रवाल, शिवपुरी के सीएफ आदर्श श्रीवास्तव को दी गई, तो फॉरेस्ट की एसटीएफ ने सक्रिय होकर अनूप की लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया, तो वो घाटीगांव के जंगल में दबोच लिया गया। सूत्रों का कहना ह कि अनूप ने स्वीकार किया है कि शिवपुरी के जंगल से 3 ट्रक खैर की लकड़ी काटने के बाद दो ट्रक निकाल चुका था। इस मामले में अब शिवपुरी फॉरेस्ट की टीम भी उसकी निशानदेही पर काटी गई लकड़ी के ठूंठ ढूंढने की बात कर रही है। महत्वपूर्ण बात यह है कि जिस सिंध नदी में से वैकल्पिक रास्ता बनाकर खैर की लकड़ी से भरे ट्रक एवं पत्थर निकाला गया, वो रास्ता एक दिन में नहीं बना, बल्कि पवैया एवं बेस ने कई डंपर मिट्टी एवं पत्थर डालकर उस रास्ते को बनाया है। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि उस बीट का फॉरेस्ट स्टाफ आंख बंद किए बैठा था, या रास्ता बनवाने में वो सहयोगी रहा..?। अब जबकि अनूप को पकड़ लिया है, तो फिर कट चुके खैर के जंगल के ठूंठ ढूंढने का काम शिवपुरी फॉरेस्ट की टीम कर रही है।

बोले सीएफ: नष्ट कराएंगे रास्ता

घाटीगांव में खैर के तस्कर अनूप को फॉरेस्ट की एसटीएफ ने पकड़ लिया है। साथ ही हमारी टीम ने लकड़ी भी जब्त की है। अब उस रास्ते को भी नष्ट किया जाएगा, जो सिंध नदी में बनाया गया है। जो भी इस कार्य में दोषी है, उनके खिलाफ भी कार्यवाही की जाएगी।
आदर्श श्रीवास्तव, सीएफ फॉरेस्ट शिवपुरी

आपकी खबर सही साबित हुई: पीसीसीएफ

अनूप के पकड़े जाने से आपकी खबर सही साबित हुई है। अधीनस्थ अमले से वो रास्ता भी बंद कराएंगे।
मनोज अग्रवाल, पीसीसीएफ भोपाल

ठूंठ पता करने जाएगी टीम: एसडीओ

अनूप को घाटीगांव में पकड़ लिया है। हमारे फॉरेस्ट एरिया में लकड़ी तो मिली है, लेकिन उसके ठूंठ नहीं मिल रहे। हम नेशनल पार्क के रेंजर से बात करके रायपुर की पहाड़ी पर ठूंठ दिखवाते हैं।
आदित्य शांडिल्य, एसडीओ फॉरेस्ट

सही साबित हुई SD News की खबर: खैर की लकड़ी का तस्कर अनूप घाटीगांव में फॉरेस्ट की एसटीएफ ने दबोचा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page