
शादी में गए दो युवक वापस घर नहीं लौटे, एक की मां तो दूसरे की पत्नी लड़ रहीं जिंदगी की जंग
घर की छत के लिए ला रहा सेंटिंग मटेरियल, ट्रेक्टर खाई में पलटने से दबकर मरा युवक
शिवपुरी। बीते शनिवार को हुए तीन सड़क हादसों में तीन लोगों ने अपनी जान गंवा दी, जबकि दो लोग जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं। इनमें दो व्यक्ति तो शादी समारोह से लौट रहे थे, जबकि तीसरा युवक अपने घर की छत डालने के लिए सामान लेकर आ रहा था।
शनिवार की रात लगभग 12.30 बजे कठमई तिराहे के पास बाइक में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिसमें बाइक सवार 25 वर्षीय अभिषेक परिहार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां रामबाई गभीर रूप से घायल हो गई। यह दोनों मां -बेटा सतनबाड़ा के ग्राम कांकर में आयोजित शादी समारोह से वापस अपने घर बडौदी शिवपुरी आ रहे थे। घायल मां का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
इससे पूर्व शनिवार की रात 8.15 बजे कोलारस थाना क्षेत्र में गांधी पेट्रोल पंप के पास एक रोंग साइड आ रही ट्रेक्टर ट्रॉली में बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार 38 वर्षीय अर्जुन रावत की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी इकलेश रावत गम्भीर रूप से घायल हो गई। उन्हें भी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। बाइक सवार दंपत्ति कुलवारा गांव के रहने वाले हैं तथा बाइक से म्याना के सुआटोर में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
ट्रॉली के नीचे दबने से मौत
शनिवार की रात इंदार गांव के पास सेटिंग मटेरियल से भरी एक ट्रेक्टर ट्रॉली सड़क किनारे खाई में जाकर पलट गई। इस हादसे 33 वर्षीय कृष्णवीर लोधी की दर्दनाक मौत हो गई। कृष्णवीर उक्त सेटिंग का सामान अपने जीजा के घर ईसागढ़ से खरेह गांव में ला रहा था।






