May 31, 2026
पार्षद से लेकर प्रधानमंत्री तक भाजपा के, फिर भी शिवपुरी में पानी के लिए कलेक्टर के सामने गिड़गिड़ा रहे भाजपा नेता

पार्षद से लेकर प्रधानमंत्री तक भाजपा के, फिर भी शिवपुरी में पानी के लिए कलेक्टर के सामने गिड़गिड़ा रहे भाजपा नेता

पोहरी से कांग्रेस विधायक ने शहर में गहराए भीषण जलसंकट पर उठाए गंभीर सवाल, लगाए भ्रष्टाचार के आरोप

शिवपुरी शहर में गहराए भीषण जलसंकट को दूर करने से पहले भाजपा नेताओं का कलेक्ट्रेट में फोटो सेशन के बाद टैंकरों पर बैनर लगाकर जल वितरण व्यवस्था पर पोहरी के कांग्रेस विधायक कैलाश कुशवाह ने तल्ख़ टिप्पणी की है। कुशवाह का कहना है कि जब पार्षद से लेकर प्रधानमंत्री तक भाजपा के हैं, तो फिर पानी जैसी मूलभूत सुविधा के लिए भाजपा नेताओं को कलेक्टर के सामने क्यों गिड़गिड़ाना पड़ रहा है?। ऐसा करके भाजपा नेताओं ने यह मान लिया है कि हम किसी काम के नहीं हैं, अब कलेक्टर साहब आप ही मैदान में आकर इस समस्या को निपटाओ।
विधायक कैलाश कुशवाह ने कहा कि भाजपा के नेता भ्रष्टाचार में लिप्त हैं, तथा मोटर खराब होने, पाइप लीकेज आदि का बहाना बनाकर कर्मचारी व अधिकारियों पर दोषारोपण करते हैं। कुशवाह ने कहा कि जब पार्षद से लेकर नपाध्यक्ष, विधायक, सांसद, मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री तक भाजपा के हैं, तो फिर शिवपुरी में इतनी भीषण गर्मी के बीच पानी की आपूर्ति क्यों और कैसे ठप हो गई। भाजपा के नेताओं ने इस समस्या से निजात दिलाने में खुद को अक्षम साबित करते हुए कलेक्टर के सामने गिड़गिड़ाकर यह साबित कर दिया कि वो किसी काम के नहीं हैं।
विधायक ने कहा कि सिंध प्रोजेक्ट की सप्लाई ठप क्यों हुई?, गर्मी से पहले इसके संबंध में क्यों ध्यान नहीं दिया गया?, इस पर कोई जवाब नहीं दे रहा। अब जबकि वैकल्पिक व्यवस्था टैंकरों से जल वितरण की शुरू की है, तो फिर उसमें अपने फोटो लगे बैनर लगाने की जरूरत क्या थी, क्योंकि हम और जनता यह मान तो रही है कि पार्षद से लेकर प्रधानमंत्री तक भाजपा के हैं। उन्होंने शहर की जनता को आगाह करते हुए कहा कि अभी भी समय है, पहचान लो कि जिन्हें उन्होंने चुना, वो कितने काम के हैं।

पार्षद से लेकर प्रधानमंत्री तक भाजपा के, फिर भी शिवपुरी में पानी के लिए कलेक्टर के सामने गिड़गिड़ा रहे भाजपा नेता
पोहरी के कांग्रेस विधायक कैलाश कुशवाह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page