May 6, 2026
आईपीएल ने ली एक और जान, सुसाइड नोट लिखकर खाया जहर, झांसी में उपचार के दौरान तोड़ा दम

आईपीएल ने ली एक और जान, सुसाइड नोट लिखकर खाया जहर, झांसी में उपचार के दौरान तोड़ा दम

एसडीओपी (आईपीएस) बोले: आईपीएल सट्टे का खेल, सुसाइड नोट में आए नाम, मोबाइल की निकलवा रहे जानकारी

शिवपुरी से सैमुअल दास::
शिवपुरी जिले में आईपीएल का सट्टा इस कदर खेला जा रहा है कि उसमें दांव लगाने वाले बड़ी राशि हारने के बाद अपनी जान देने को मजबूर हो रहे हैं। पिछले दिनों बदरवास में संदीप सोनी ने आईपीएल में बड़ी राशि हारने के बाद खुद को गोली मार ली थी, और बीते रविवार की शाम जिले के दिनारा कस्बे में रहने वाले अमन भार्गव ने जहर खाकर अपनी जान दे दी। अमन ने जहर खाने से पहले एक सुसाइड नोट भी लिखा है, जिसमें सट्टा खिलाने वाले लोगों के नामों का उल्लेख है। आईपीएस आयुष जाखड़ का कहना है कि मौत की वजह आईपीएल सट्टा ही लग रहा है, अब हम उन नामों के साथ ही अमन के मोबाइल की जानकारी निकालकर कार्यवाही करेंगे। इसी आश्वासन पर थाना घेरने आए लोगों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
आईपीएल यानि इंडियन प्रीमियर लीग में खिलाड़ी या टीम की प्रतिभा से अधिक सट्टा किंग की मर्जी चल रही है। इसका मतलब यह है कि कौन सी टीम जीतेगी और किसे हारना है, यह मैदान में खेलने वाले खिलाड़ी नहीं, बल्कि सट्टा खिलाने वाले तय कर रहे हैं। यानि शिवपुरी सहित देश में आईपीएल मैचों पर इतना बड़ा सट्टा खेला जा रहा है कि मैच खेलने वाली टीम के खिलाड़ी टीम कैप्टन या मैनेजर की न सुनते हुए सट्टा किंग के अनुसार मैच का रुख बदल रहे हैं। शिवपुरी शहर सहित जिले भर में आईपीएल का बड़ा सट्टा खेला जा रहा है, और बीते एक सप्ताह में हुई यह दूसरी आत्महत्या ने यह साबित कर दिया कि आईपीएल में सट्टा लगाने वाले कितनी बड़ी राशि हार रहे हैं, और इस खेल को खिलाने वाले जमकर चांदी काट रहे हैं।
दिनारा निवासी अमन भार्गव अपने माता-पिता का इकलौता बेटा होने के साथ ही शादीशुदा तथा एक 4 वर्षीय बेटे का पिता था। बेटे की मौत से जहां माता- पिता के बुढ़ापे की लाठी टूट गई, तो वहीं 4 साल के मासूम के सिर से पिता का साया हट गया। आईपीएल में लोगों को मौत के मुहाने तक पहुंचाने वाले सट्टा खिलाने वालों पर सख्त कार्यवाही की दरकार है।

बोले आईपीएस: कार्यवाही जरूर की जाएगी

प्रायमरी तौर पर मामला आईपीएल सट्टे का ही लग रहा है। मृतक के सुसाइड नोट में कुछ नाम लिखे हैं, जिस वजह से हमें कार्यवाही के लिए दिशा मिलेगी। साथ ही मृतक के मोबाइल से भी कई महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है। इसमें कार्यवाही जरूर की जाएगी।आईपीएस आयुष जाखड़, एसडीओपी करेरा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page