
शहर की जनता मांग रही पानी, नगरपालिका में लग रहे मुर्दाबाद के नारे, अध्यक्ष के नजदीकी पार्षद दे रहे पीआईसी से इस्तीफा
नपाध्यक्ष खुलेआम सीएमओ पर लगा रहीं भ्रष्टाचार के आरोप, माना कि शिवपुरी शहर बन गया कचराघर
शिवपुरी। एक तरफ जहां शिवपुरी शहर की जनता पानी के लिए परेशान है, तो वहीं पानी उपलब्ध कराने के लिए जिम्मेदार नगरपालिका परिषद में मुर्दाबाद के नारे लग रहे हैं। मंगलवार को नारी सशक्तिकरण के नाम पर हुई बैठक में नपाध्यक्ष के नजदीकी पार्षद ही शामिल हुए, जिन्होंने नपा प्रशासन मुर्दाबाद के जमकर नारे लगाए। इतना ही नहीं जिनके वार्ड में सबसे अधिक काम हुए, वो पार्षद पीआईसी से इस्तीफा तक थमाने लगे। महत्वपूर्ण बात यह है कि नपाध्यक्ष ने सीएमओ पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाने के साथ यह भी माना कि पूरा शहर कचराघर बना हुआ है। ऐसा कहकर तो उन्होंने अपने कार्यकाल में शहर की बदहाली को उजागर करके एक सच तो बोल दिया।
नगरपालिका परिषद की मंगलवार को बिना किसी पूर्व सूचना के बैठक आहूत कर ली। जिसमें विरोधी पार्षद तो पहले से ही दूरी बनाए हुए थे, नपाध्यक्ष के साथ उनके ही नजदीकी पार्षद जैसे अरविंद ठाकुर, रामसिंह यादव सहित अन्य शामिल हुए। बैठक के शुरू होते ही पार्षदों ने नपा प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए कहा कि आज बैठक में सीएमओ व नपा के इंजीनियर जानबूझकर गायब हैं। पार्षदों ने चिलाने के बाद रामसिंह यादव ने पीआईसी से इस्तीफा देते हुए एक पत्र नपाध्यक्ष को भी सौंप दिया।
बैठक के बाद नपाध्यक्ष ने मीडिया से कहा कि शहर में पानी के लिए जनता परेशान है, लेकिन हमारी नपा में सीएमओ ने टैंकर तक दुरुस्त नहीं करवाए। उन्होंने कहा कि सीएमओ दलाली प्रथा को चलाकर अपने नजदीकियों का भुगतान कर रहा है। फ्लो में वो यह भी बोल गईं कि शहर के वार्डों में न बिजली, न पानी और न सड़क बनी हैं। पूरा शहर कचराघर बन गया है। इसे कहते हैं मौकापरस्त लोग, कल तक दोनों के बीच अच्छी घुट रही थी, तो सभी ईमानदार थे, अब अलग हो गए तो भ्रष्टाचार और दलाली दिखने लगी। चलो इस फेर में नपाध्यक्ष ने कम से कम शहर की तस्वीर तो बता दी कि उनके 3 साल के कार्यकाल में सिर्फ भ्रष्टाचार हुआ है, विकास तो क्षेत्रीय सांसद के वायदों में शामिल हो गया। नगरपालिका में यह लड़ाई सिर्फ गांधी जी की चाहत में है, क्योंकि उन्हें कोई नहीं छोड़ना चाहता, जनता को मूलभूत सुविधाएं मिलें या नहीं, इससे उन्हें कोई लेना देना नहीं है।
सीएमओ गए अपनी गर्दन बचाने::
नपा सीएमओ इशांक धाकड़ (शहर को मोड़ा) आज हाईकोर्ट ग्वालियर गए हुए हैं, क्योंकि भ्रष्टाचार अधिनियम के मामले में उनकी गर्दन पर तलवार लटक रही है। आज उस मामले में हाईकोर्ट ने पीएस सहित पुलिस को भी तलब किया है।







2 thoughts on “शहर की जनता मांग रही पानी, नगरपालिका में लग रहे मुर्दाबाद के नारे, अध्यक्ष के नजदीकी पार्षद दे रहे पीआईसी से इस्तीफा”