
मामले में पेचीदगियां उलझने से उठ रहे कई सवाल, पोहरी की घटना ने रिश्ते से उठाया भरोसा
शिवपुरी। बीते गुरुवार की रात शिवपुरी जिले से जुड़ी दो घटनाओं ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। गुजरात में कथित प्रेमी के हाथों मौत की नींद सोई रजनी का शव अपने घर लाने की बजाए परिजनों ने गुजरात में ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया। तो वहीं पोहरी में एक पिता पर अपनी 4 साल की मासूम बेटी के साथ जो हैवानियत का आरोप लगा है, उसने तो खून के रिश्ते पर से ही भरोसा उठा दिया।
गौरतलब है कि शिवपुरी देहात थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरसमा में रहने वाली रजनी व संतोष के गायब होने के बाद पुलिस ने लड़की की गुमशुदगी दर्ज की थी। उसके बाद परिजन लड़की की बरामदगी के लिए प्रयासरत रहे, तथा दो पुलिसकर्मी साथ लेकर गुजरात रवाना हो गए थे। चूंकि पुलिस को भी यह ध्यान रखना था कि लड़की को लेंने जा रहे हैं, तो एक महिला पुलिसकर्मी भी साथ ले जाते। आधी रात को होटल में जो कुछ हुआ, उसकी सच्चाई तो सिर्फ कमरे में मौजूद लोग ही जानते हैं। लड़की की मौत के बाद उसका पार्थिव शरीर भी परिजन अपने घर लेकर नहीं आए। यदि उसकी मौत के बाद ऐसा ही सब करना था, तो फिर उन्हें ढूंढने ही क्यों गए?, कम से कम वो जिंदा तो रहती। उधर पुलिस भी जब दोनों को बरामद कर चुकी थी, तो फिर होटल में रात्रि विश्राम करने की बजाए शिवपुरी की दूरी तय कर लेती, तो शायद यह घटना नहीं होती। अब इस मामले में बहुत सारी पेचीदगियां उलझ चुकी हैं, जो धीरे धीरे सुलझ पाएंगी।
उधर पोहरी में जो भी घटनाक्रम हुआ, उसने इंसानियत को ही शर्मसार कर दिया। एक पिता के दिल में बेटे से ज्यादा बेटी के लिए प्यार होता है, यह सर्वविदित है। जैसा बताया जा रहा है, यदि ऐसा हुआ है तो फिर वो पिता तो क्या इंसान कहलाने के लायक ही नहीं है। 4 साल की मासूम बेटी को अपने पिता से इतना बड़ा खतरा तो कभी नहीं हो सकता था। इन दोनों घटनाओं ने शिवपुरी को एक बार फिर दागदार कर दिया।
कमलागंज में पतंजलि स्टोर से काजू-बादाम, घी व लैपटॉप चोरी, सीसीटीवी कैमरे में कैद चोर
शिवपुरी शहर की कृष्णपुरम कॉलोनी में रहने वाले तरुण सिंह की कमालगंज में थीम रोड किनारे पतंजलि स्टोर के नाम से दुकान है। बीते शुक्रवार की रात 1:40 बजे एक चोर दुकान के ऊपर का पलाई काटकर तथा सरिया मोड़कर अंदर घुसा। चोर दुकान से एचपी कंपनी का लैपटॉप, बादाम के 6 पैकेट, काजू एवं अंजीर के 2-2 पैकेट के अलावा 5 किलो घी का टिन साथ ले गया। चोरी गए माल की कीमत 50 हजार रुपए से अधिक का सामान समेट ले गया। दुकान संचालक ने आज सुबह जब दुकान खोलकर देखी, तो उसमें से उक्त सभी सामान गायब मिला। जब उन्होंने सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग देखी तो चोरी की पूरी वारदात उनकी आँखों के सामने थी। महत्वपूर्ण बात यह है कि दुकान थीम रोड के किनारे है, जहां पर चोर ने हाथ साफ किया है।
छात्राओं की शिकायत पर हटाई अधीक्षिका:
शासकीय अनु. जाति पोस्ट मैट्रिक छात्रावास टीवी टॉवर रोड की अधीक्षिका प्रीति सूर्येश को कलेक्टर ने हटाकर कोटा विद्यालय में पदस्थ कर दिया। ज्ञात रहे कि बीते मंगलवार को जनसुनवाई में छात्राओं ने अधीक्षिका की शिकायत की थी। जिसकी जांच कलेक्टर ने करवाई, तो अधीक्षिका ने छात्राओं को निकालने की धमकी दी थी। जिसके बाद छात्राओं ने जब फिर से कलेक्टर को शिकायत की, तो आज अधीक्षिका को वहां से हटा दिया। उनकी जगह फतेहपुर में पदस्थ शिक्षिका अनीता तिग्गा को पदस्थ किया है।







