
प्रेमी युगल घर से भागा, पुलिस ने गुजरात में ढूंढ निकाला, होटल में रुके, आधी रात को प्रेमिका का गला काटकर खुद का गला काटा
मामला देहात थाने का: प्रेमिका की मौत, प्रेमी का चल रहा उपचार, पुलिस को थकान मिटाना पड़ा भारी
शिवपुरी। शहर शिवपुरी के देहात थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरसमा से एक प्रेमी युगल बीते 7 जून की रात घर से भाग निकला। लड़की के परिजनों की शिकायत पर देहात थाना पुलिस जोड़े की तलाश करते हुए गुजरात के राजकोट पहुंच गई। एक झोपड़ी में से दोनों को पकड़ भी लिया। दूरी लंबी होने से थकान मिटाने के लिए एक होटल में रुक कर सो गए, लेकिन आधी रात में चीख सुनकर नींद खुल गई। पुलिस ने जो नजारा देखा, तो उसके भी हाथ- पांव फूल गए। क्योंकि प्रेमी की गोद में गला कटी प्रेमिका खून से लतपथ थी, जबकि प्रेमी भी चाकू से अपना आधा गला काट चुका था। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्रेमिका को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्रेमी का इलाज चल रहा है। इस मामले में देहात थाना पुलिस की टीम को थकान मिटाना भारी पड़ गया।
यह है पूरा मामला:
ग्राम पिपरसमा में रहने वाली 21 वर्षीय रजनी को गांव के ही 25 वर्षीय संतोष से प्रेम हो गया, तथा इसकी जानकारी दोनों के परिजनों को भी थी। बीते 7 जून को रजनी व संतोष अपने घरों से जरूरत का सामान लेकर रफूचक्कर हो गए। चूंकि दोनों के प्रेम प्रसंग की जानकारी परिजनों को थी, तथा दोनों ही अपने घर से गायब थे, इसलिए देहात थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर संचार क्रांति के माध्यम से जब तलाशी अभियान शुरू किया, तो उनकी गाड़ी गुजरात के राजकोट जिले के सांपर थाना क्षेत्र की झोपड़ियों के पास रुकी। पुलिस के साथ लड़की का भाई था, जबकि कोई महिला पुलिसकर्मी साथ नहीं थी। प्रेमी युगल को झोपड़ी से बरामद कर पुलिस ने उन्हें अपनी गाड़ी में बिठा लिया।
होटल में रुके, खाना खाकर सो गए:
चूंकि शिवपुरी से गुजरात की दूरी अधिक है, तथा प्रेमी जोड़ा सुरक्षित पुलिस को मिल गया था, इसलिए लंबे सफर की थकान उतारने के लिए रात 10 बजे गांधीनगर के आगे उदयपुर हाइवे पर राइन इन पोर्ट होटल में रुकने का फैसला किया। रात 11 बजे सभी लोग खाना खाकर होटल के एक ही कमरे में सो गए। थकान की वजह से पुलिस व रजनी का भाई की नींद लग गई, लेकिन पकड़े जाने के बाद रजनी व संतोष की नींद उड़ी हुई थी।
रात 2 बजे सुनाई दी चीख:
रात लगभग 2 बजे चीख सुनकर पुलिस उठी, तो देखा कि संतोष ने रजनी का सिर अपनी गोद में रख कर उसका गला काट दिया, तथा खुद चाकू से अपना आधा गला काट चुका था। पुलिस ने तत्काल दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां रजनी दम तोड़ चुकी थी, तथा संतोष की हालत भी नाजुक बनी हुई है। इस घटना ने दोनों परिवारों को झकझोर कर रख दिया। चूंकि दोनों नाबालिग थे, इसलिए उनके निर्णय पर किसी की आपत्ति मान्य नहीं होती। वो इस बात को समझ नहीं पाए, और यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
शिवपुरी के तेजी से फैला प्यार का बुखार::
प्रेम का बुखार शिवपुरी जिले में इस हद तक फैल रहा है कि प्यार करने वाले अपनी जान देने से भी परहेज नहीं कर रहे। पिछले माह में बदरवास में एक प्रेमी जब अपनी प्रेमिका को लेकर भागने की फिराक में था, तभी प्रेमिका के परिजनों ने उसे पीट-पीटकर मार डाला था। प्रेमी की हत्या करने वाले अपने परिजनों को आरोपी बनाकर प्रेमिका ने भी अपनी जान दे दी थी।







