
रहस्यमयी खाद से भरा ट्रक बना प्रशासन के लिए चैलेंज, कलेक्टर ने की जांच टीम गठित
एसडीएम बोले: 800 कट्टे बताने वाला कोई नहीं मिला, वेयर हाउस संचालक भी झाड़ रहे पल्ला
शिवपुरी। एक तरफ शिवपुरी जिले का किसान खाद के लिए भटक रहा है, तो वहीं दूसरी ओर कोलारस के मां केलादेवी वेयर हाउस पर मिला खाद से आधा भरा ट्रक रहस्य बन गया है। अब इस राज को खोलने के लिए कलेक्टर ने एक टीम कोलारस एसडीएम के नेतृत्व में गठित कर दी है।
कलेक्टर द्वारा बनाई गई टीम के मुखिया यानि एसडीएम कोलारस अनूप श्रीवास्तव से जब बात की, तो वे बोले कि ट्रक में 800 कट्टे खाद होने की बात तो मैने भी सुनी है, लेकिन यह दावा कौन कर रहा है, यह अभी तक पता नहीं चला। उन्होंने कहा कि ट्रक चालक फरार है, तथा हेल्पर उन कट्टों को नहीं गिन पा रहा, जो ट्रक में मिले हैं। जब उनसे वेयर हाउस संचालक रविंद्र शिवहरे के संबंध में पूछा, तो एसडीएम बोले कि संचालक खुद यह कह रहे हैं कि मुझे नहीं पता कि मेरे वेयर हाउस में खाद से भरा ट्रक क्यों लाकर रखा गया, मैने तो उसे नहीं बुलवाया।
अब इसमें बड़ा सवाल यह भी उठता है कि क्या वेयर हाउस के गेट खुले रहते हैं , जिसमें कोई भी अपना वाहन खड़ा करके जा सकता है। क्या वहां पर कोई चौकीदार नहीं रहता?। यदि गेटकीपर रहता है, तो उसने खाद के ट्रक को अंदर रखने के लिए किसी से परमीशन तो ली होगी। यदि ऐसा नहीं है, तो फिर शायद रविंद्र शिवहरे को किसी साजिश में फंसाने के लिए उनके किसी विरोधी ने खाद से भरे ट्रक को उनके वेयर हाउस में चुपचाप रखवा दिया होगा।
इन सब बातों से तो यही लगता है कि जब खाद से भरा ट्रक पकड़ में आ गया, तो सभी जिम्मेदारों ने उसे आकाश से उतरा हुआ बता दिया। अन्यथा खाद के लिए भटकते किसानों की जेब काटने के लिए आपदा में अवसर ढूंढने की तैयारी थी।







