
एक तरफ नशे से दूरी का अभियान, दूसरी तरफ नशेड़ी कर रहे दिनदहाड़े चोरी, मारपीट पर उतारू
शिवपुरी शहर के जलमंदिर क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी करते स्मैकची पकड़ा, सिरसौद में मकान मालिक को नशेड़ी ने पीटा
शिवपुरी। एक तरफ जहां शिवपुरी सहित पूरे प्रदेश में पुलिस का अभियान- नशे से दूरी, है जरूरी, चल रहा है, तो वहीं दूसरी तरफ नशेड़ी दिनदहाड़े चोरी करते तथा मकान मालिक की पिटाई करने पर उतारू हैं। गुरुवार को ऐसे दो मामले सामने आए, जिसमें एक स्मैकची को दुकान में चोरी करते पकड़ा, तो वहीं अमोला सिरसौद में एक मकान मालिक की पिटाई करने वाले किरायेदार पर स्मैक बेचने का आरोप लगाते हुए शिकायती आवेदन एसपी ऑफिस में दिया गया।
शिवपुरी में चोरी करते पकड़ा नशेड़ी:
शिवपुरी शहर में जलमंदिर के पास स्थित दुकान की संचालिका विनीता गोयल गुरुवार की सुबह जब अपनी दुकान की सफाई कर रही थीं, तभी एक नशेड़ी ने उनकी दुकान के गल्ले में से चोरी करने का प्रयास किया। उसे ऐसा करते हुए एक अन्य ग्राहक ने देख लिया, तथा उसे पकड़ लिया। पकड़ा गया चोर कमलागंज घोसीपुरा में रहने वाला स्मैकची इमरान खान बताया जा रहा है। वो नशे की जुगाड के लिए दिनदहाड़े दुकान में चोरी का प्रयास कर रहा था। पकड़े गए नशेड़ी को कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया।
किराएदार पर नशा बेचने का आरोप:
शिवपुरी जिले के अमोला थाना क्षेत्र के ग्राम सिरसौद में रहने वाले गोपाल कोली ने आज अपनी पत्नी के साथ एसपी ऑफिस आकर शिकायती आवेदन दिया। जिसमें गोपाल ने बताया कि डेढ़ वर्ष पूर्व उन्होंने अपना मकान किराए पर राजेश कोली व उसकी पत्नी देवकी को दिया था। बकौल गोपाल, कुछ समय से राजेश ने उनके कमरे में न केवल स्मैक का नशा शुरू कर दिया, बल्कि उसने नशे का करोबार भी शुरू कर दिया था। बीते 22 जुलाई को जब गोपाल ने राजेश से कमरा खाली करने को कहा तो पति पत्नी ने मिलकर उनकी जमकर मारपीट कर दी। इस मामले में जब अमोला पुलिस ने सुनवाई नहीं की तो पीड़ित दंपत्ति आज एसपी आफिस में शिकायत करने आए।





