July 17, 2026

पूर्व मंत्री ने एसपी से पूछा, क्या भाजपा कार्यालय रोड पर था, जो आपने अश्रु गैस के गोले दागे?
शिवपुरी से सैमुअल दास:
दतिया उपचुनाव की बिसात बिछ चुकी है। विभिन्न दलों के नेता अपने-अपने स्तर पर वोट इकठ्ठा करने में जुट गए। गुरुवार को एक वीडियो वायरल हुआ, उसमें पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा खुले मंच से एसपी को चेतावनी देकर कह रहे हैं कि मैं भूलता कुछ भी नहीं हूं।
दो दिन पहले नरोत्तम मिश्रा की आंखों में आंसू थे, तो वहीं आज उनके तेवर बदले हुए नजर आए। उन्हों मंच से ही दतिया पुलिस के मुखिया यानि एसपी से सवाल किया कि क्या भाजपा कार्यालय रोड पर था, जो आपने उसमें अश्रु गैस के गोले दागे। पुलिस ने जाम हटाने के लिए वहां गाड़ियां तोड़ीं, जो ठीक नहीं है। साथ ही उन्होंने एसपी को चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि मैं भूलता कुछ भी नहीं हूं। पूर्व मंत्री की मंच से एसपी को खुली चेतावनी आज दिन भर चर्चा में बनी रही।
अब इस सिक्के का दूसरा पहलू स्वयं दतिया एसपी जानते होंगे, क्योंकि पुलिस को यदि जाम खुलवाने के लिए सख्ती करनी ही थी, तो पुलिस 12-13 घंटे का इंतजार क्यों करती। सूत्रों की मानें तो एसपी भी भोपाल से आदेश-निर्देश का इंतजार करते रहे, तथा जब उन्हें हरी झंडी मिली, तो फिर पुलिस एक्शन मोड में आई। इतना ही नहीं पुलिस ने 27 समर्थकों के खिलाफ प्रकरण भी दर्ज किया है।
समय चक्र: कभी मिश्रा ही विभाग के मंत्री रहे
इसे ही समय चक्र कहते हैं। जिस विभाग के मुखिया को आज मिश्रा मंच से चेतावनी दे रहे हैं, कभी वो खुद उस विभाग यानि गृह मंत्रालय के मंत्री हुआ करते थे। उस दौरान पूरी प्रदेश की पुलिस उनके हर आदेश का पालन करने के लिए तैयार रहा करती थी। वर्तमान में प्रदेश का गृह मंत्री कोई नहीं है, तथा मुख्यमंत्री ने यह मंत्रालय अपने पास ही रखा है।
…तो फिर मिश्रा जी ने क्या किया?
आज एक और वीडियो दतिया उपचुनाव का वायरल हुआ है, जिसमें गुना-शिवपुरी के सांसद ने दतिया को दी गईं सौगातें गिनाईं। उस वीडियो को सुनकर लोगों के मन में एक सवाल जरूर आया कि सब कुछ इधर से हुआ तो फिर मिश्रा जी ने इतने वर्षों में क्या किया..?

मंच से दतिया एसपी को चेतावनी देते हुए पूर्व गृह मंत्री मिश्रा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page