
अवैध रेत उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई: रिजौदी घाट से 10 ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं 3 हाइड्रा मशीनें की जब्त
पोहरी में वृद्धा पर जंगली जानवर ने किया हमला, गूडर में हुई आगजनी में मौत का आंकड़ा 3 पर पहुंचा
शिवपुरी। जिले में ही रहे अवैध उत्खनन के खिलाफ बीती रात माइनिंग एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने बदरवास के रिजौदी घाट पर कार्रवाई करते हुए 10 ट्रेक्टर ट्रॉली एवं 3 हाइड्रा जब्त किए। उधर पोहरी के लक्ष्मीपुरा में एक वृद्धा पर जंगली जानवर ने हमला करके उसे बुरी तरह जख्मी कर दिया। वहीं खनियाधाना के गूडर गांव में बुधवार की सुबह हुए अग्निकांड में मरने वालों की संख्या 3 पर पहुंच गई।
कोलारस अनुविभाग अंतर्गत सिंध नदी के रिजौदी घाट क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन की लगातार प्राप्त हो रही शिकायतों के आधार पर विशेष अभियान चलाया गया। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर एसडीओपी कोलारस, खनिज विभाग एवं पुलिस बल की संयुक्त टीम द्वारा रात्रि में दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान सिंध नदी से अवैध रूप से रेत उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त 10 ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा 3 हाइड्रा (पेलोडर) मशीनें जप्त की गईं। जप्त वाहनों एवं मशीनों को पुलिस थाना बदरवास की अभिरक्षा में रखा गया है। खनिज विभाग द्वारा राजस्व अमले के सहयोग से उत्खनित खनिज की मात्रा का आकलन किया जा रहा है। जांच उपरांत संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण) नियम, 2022 के प्रावधानों के तहत अर्थदण्ड की कार्रवाई प्रस्तावित करते हुए प्रकरण न्यायालय कलेक्टर को प्रस्तुत किए जाएंगे।
महिला को जंगली जानवर ने किया लहूलुहान:
शिवपुरी जिले की पोहरी तहसील के लक्ष्मीपुरा में रहने वाली सोमली भील गुरुवार की सुबह 5 बजे शौच के लिए घर से कुछ दूरी पर जंगल में गई। कुछ देर बाद ही महिला की चीख सुनाई दी, जिसे सुनकर स्थानीय लोग महिला को बचाने दौड़े तो महिला को एक जंगली जानवर ने गर्दन एवं हाथ को जख्मी कर लहूलुहान कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि महिला पर चीता ने हमला किया है, जबकि फॉरेस्ट ने अभी तक किसी भी जंगली जानवर की पुष्टि नहीं की है। बुरी तरह जख्मी हुई महिला का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
गूडर आगजनी में मौत का आंकड़ा 3 हुआ::
पिछोर विधानसभा के ग्राम गूडर में बुधवार की सुबह प्रजापति मोहल्ले में रहने वाले प्राणसिंह प्रजापति के घर में लगी आग में उसकी 4 वर्षीय बेटी जाह्न्वी की बुधवार को ही मौत हो गई थी। इस आगजनी में झुलसे प्राणसिंह ने गुरुवार की शाम एवं सुबह 11 वर्षीय बालक कल्ला आदिवासी ने भी दम तोड़ दिया। इस आगजनी में मरने वालों का आंकड़ा अब 3 पर पहुंच गया है।

रेत से भरी ट्रॉलियां व हाइड्रा जब्त करने वाली टीम




