
इधर किसान खाद के लिए परेशान, उधर गाड़ियों में भरकर ले जा रहे 79 खाद के कट्टे किए जब्त
पत्नी सहित पांच पर आत्महत्या के लिए प्रेरित करने व कूटरचित दस्तावेज का मामला दर्ज
शिवपुरी। एक तरफ किसान को खाद के एक-एक कट्टे के लिए भटकना पड़ रहा है, तो वहीं दूसरी ओर शिवपुरी तहसीलदार की टीम ने गुरुवार की रात दो वाहनों को रोक कर 79 खाद के कट्टे जब्त किए हैं। वहीं एक अन्य मामले में पुलिस ने मृतक युवक की पत्नी सहित 5 लोगों के विरुद्ध आत्महत्या के लिए उकसाने एवं कूटरचित दस्तावेज बनाए जाने का मामला दर्ज किया है।
शिवपुरी तहसीलदार सिद्धार्थ शर्मा को बुधवार की देर शाम सूचना मिली कि दो वाहनों में भरकर खाद के कट्टे ले जाए जा रहे हैं। उक्त सूचना के आधार पर पुलिस को साथ लेकर तहसीलदार की टीम ने फतेहपुर व गीता पब्लिक स्कूल के बीच में एक ट्रेक्टर ट्रॉली एवं महिंद्रा पिकअप से 47 एवं 32 आईपीएल डीएपी खाद के कट्टे जब्त किए। उक्त खाद के संबंध में कोई दस्तावेज भी दोनों वाहनों के ड्राइवर बता नहीं पाए। ट्रेक्टर राजेश यादव निवासी बल्हेरा एवं भोगरीपुरा निवासी अभिषेक रावत को पकड़कर उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज करवाया है।
जमानत के लिए लगाए फर्जी दस्तावेज:
बीते 19 अप्रैल 2026 को उत्कर्ष शिवहरे के सुसाइड वाले मामले में आरोपी बनी उसकी पत्नी व ससुरालीजनों ने न्यायालय से जमानत लेने के लिए भोपाल के गौतम नगर थाने में शिकायती आवेदन दिए जाने की बात लिखी थी। जब कोतवाली पुलिस ने मामले की तस्दीक गौतम नगर थाना भोपाल से संपर्क किया, तो वहां मृतक की पत्नी के जाने के कोई साक्ष्य नहीं मिले, और न ही सीसीटीवी फुटेज सामने आए। जिसके चलते कोतवाली पुलिस ने मृतक की पत्नी रिया शिवहरे, ससुर जितेंद्र, सास गीता, साला ध्रुव एवं रियम शिवहरे के खिलाफ कूटरचित दस्तावेज बनाने की धाराओं में मामला दर्ज किया। ज्ञात रहे कि उत्कर्ष शिवहरे ने 19 अप्रैल को सुसाइड किया था, जिसमें पत्नी व ससुरालीजनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का मामला दर्ज है। उस मामले में जमानत के लिए मृतक की पत्नी ने जमानत आवेदन में लिखा था कि घटना वाले दिन सुबह 10:15 बजे रिया ने गौतम नगर थाना भोपाल में अपने ससुरालीजनों से प्रताड़ना की शिकायत की थी। यह बात पुलिस तस्दीक में गलत पाई गई।


ऊपर वाले फोटो में वो ट्रेक्टर जिसमें भरे थे खाद के कट्टे, नीचे चित्र में पत्नी के साथ उत्कर्ष




