
अशोकनगर अजाक थाना प्रभारी के शिवपुरी निवास में लाखों की चोरी, खिड़की उखाड़कर घुसे चोर
वो एडी स्पेशलिस्ट होकर पकड़ते रहे नौकरी में डकैत, घर में चोर लगा गए सेंध, पड़ोस के कमरे में सोता रहा परिवार
शिवपुरी। जिला मुख्यालय के कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले अजाक थाना प्रभारी के घर बीती रात चोरों ने खिड़की उखाड़कर घर में प्रवेश किया, और लाखों का माल लेकर चंपत हो गए। महत्वपूर्ण बात यह रही कि करोड़ ने पहले सीसीटीवी कैमरे की दिशा बदली, और फिर वारदात को अंजाम दिया।
शिवपुरी के सिंहनिवास गांव में रहने वाले शिवपुरी के पूर्व एडी स्पेशलिस्ट तथा वर्तमान में अजाक थाना प्रभारी अशोकनगर ब्रजमोहन रावत के घर में बीती रात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बताते हैं कि ब्रजमोहन के बेटे का एक्सीडेंट हो गया था, तथा इलाज के बाद घर पर लाए तो मिलने वाले आते जाते रहने की वजह से बेटे को नीचे के कमरे में शिफ्ट करके पूरा परिवार पड़ोस के कमरे में सो रहा था। आधी रात के दौरान रावत के घर आए चोरों ने पहले तो डंडे से सीसीटीवी कैमरे की दिशा बदली, फिर उसके बाद खिड़की उखाड़कर चोर घर में घुस गए। घर में रखा 4 तोला सोने के जेवर सहित 50 हजार रुपए नगदी सहित अन्य सामान चोरी करके ले गए। सुबह जब परिजनों की नींद खुली, तब उन्हें चोरी का पता चला। कोतवाली पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
डकैत पकड़कर बने दरोगा
अशोकनगर अजाक थाना प्रभारी ब्रजमोहन रावत पुलिस में आरक्षक के पद से भर्ती हुए। उसके बाद उन्होंने डकैतों की धरपकड़ करके आउट ऑफ टर्न प्रमोशन पाकर वो दरोगा बन गए थे। जिन्होंने पुलिस में रहते हुए डकैत पकड़े, और चोर उनके घर पर ही सफाई कर गए।







