July 22, 2026

मुंशी के परिवार की चौथी पीढ़ी कर रही है 400 साल पुराने बिना सीमेंट वाले घर में निवास
शिवपुरी से सैमुअल दास:
शिवपुरी के ऐतिहासिक नरवर के किले में जब राजा हुआ करते थे, तो उनका कामकाज देखने वाले को मुंशी कहा जाता था। मुंशी को परिवार सहित रहने के लिए किले की तलहटी में ही 150 कमरों का आलीशान घर भी बनाकर दिया गया था। महत्वपूर्ण बात यह है कि 400 से अधिक वर्ष पुराने इस घर का निर्माण बिना सीमेंट और ईंट के केवल पत्थरों से बनाया गया है।
पिछले दिनों जब नरवर में तोप चोरी का कवरेज करने गए, तो वहां पर किले के एक रास्ते में केवल पत्थरों से बना आलीशान तीन मंजिला भवन नजर आया, जिसके नीचे एक छोटी परचूनी की दुकान थी। स्थानीय रहवासी मुरारीलाल खटीक का कहना है कि इस भवन में सीमेंट का कोई उपयोग नहीं किया गया, क्योंकि उस समय में सीमेंट का आविष्कार नहीं हुआ था। अलग-अलग साइज की पत्थर पटिया को एक के ऊपर एक सेट करके उसमें थोड़ा बहुत चूने का मसाला लगाया गया है। पत्थर की दीवारों में खिड़कियों को घुमावदार पत्थरों से आकर्षक डिजाइन देने के साथ बारिश से बचाव के लिए भी व्यवस्था की गई थी। मुंशी के इस घर में मौजूद 150 कमरों में से कुछ कमरे तलघर में तो अधिकांश अलग-अलग मंजिलों पर बने हुए हैं। पत्थरों के बने इस आलीशान घर में मुंशी के परिवार की चौथी पीढ़ी निवास करती है। इस भवन के अधिकांश कमरे अब बंद हो गए, तथा आवश्यकता के अनुरूप 8-10 कमरों का ही उपयोग कर रहे हैं।
न लीकेज हुआ न करनी पड़ रही रिपेयरिंग:
पत्थर पटिया से बने इस भवन में पत्थरों को कुछ इस तरह से सेट करके दीवार और छत का निर्माण किया गया है कि 400 वर्ष गुजरने के बाद भी न तो दीवारों में लीकेज आया और न ही छत की रिपेयरिंग करानी पड़ी। आज के दौर में मजबूती का गुणगान करने वाली सीमेंट का उपयोग करके बनाए जाने वाले पुल व भवन कई बार उदघाटन से पहले ही टूट कर बिखर रहे हैं।

बिना सीमेंट के पत्थर से बना तीन मंजिला 400 साल पुराना मुंशी का घर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page