June 22, 2026

चुनाव के दौरान पानी, सड़क व आवारा मवेशियों से निजात दिलाने जैसे वायदों को पूरा करने का दिया था शपथ पत्र
शिवपुरी। पिछले विधानसभा चुनाव यानि 2023 में एक शपथ पत्र भाजपा प्रत्याशी तथा वर्तमान विधायक देवेंद्र जैन ने बाँटा था। जिसमें उन्होंने विधानसभा क्षेत्र की जनता से कई महत्वपूर्ण वायदे किए थे। उन वायदों को पूरा कराने के लिए क्या शिवपुरी में भी किसी भरत को खड़ा होना पड़ेगा। क्योंकि शिवपुरी की जनता से यह वायदे मौखिक न होकर लिखित में शपथ पत्र के साथ किए गए, जिसमें खुद देवेंद्र जैन एवं गवाह के रूप में त्रिलोकचंद अग्रवाल (बल्लू भैया) के हस्ताक्षर हैं।
गौरतलब है कि बिहार के क्रांतिकारी युवा भरत तिवारी ने मरने से पहले जो वीडियो में कहा था, उसमें सांसद/विधायक द्वारा जनता से किए गए वायदों को पूरा करने की माँग थी। शिवपुरी विधायक बने देवेंद्र जैन ने भी चुनाव के दौरान 15 नवंबर 2023 को एक शपथ पत्र बनवाया था। जिसमें उन्होंने शहर की जनता से मूलभूत सुविधाओं को दिलाए जाने के लिए समय निर्धारित करके शपथ पत्र बनवाकर बंटवाया था। 24 बिंदुओं वाले इस शपथ पत्र के कुछ प्रमुख कार्यों में शहर की जनता को नियमित पानी उपलब्ध कराना, शहर को गड्ढामुक्त करने के लिए सड़कों का निर्माण, आवारा मवेशियों एवं कुत्तों की धरपकड़, शहर को स्मैक के नशे से मुक्त कराऊंगा, स्मार्ट सुलभ शौचालय बनवाएंगे, तालाबों का संरक्षण कर सुंदर बनाएंगे। इन कार्यों की समयावधि 1 साल की दी थी, जबकि विधायकी के 3 साल पूरे होने वाले हैं।
24 बिंदुओं में से इन महत्वपूर्ण बिंदुओं की बात करें तो नौतपा की भीषण गर्मी में शहर की जनता पानी के लिए भटकती रही, गड्ढामुक्त शहर तो नहीं बन पाया, जिस वार्ड में विधायक का निवास है, तथा उनकी कोठी के पीछे महल कॉलोनी में सड़क के नाम पर गहरे-चौड़े गड्ढे हैं। आवारा मवेशी जहां एक तरफ परेशानी बने हुए हैं, तो आवारा कुत्ते एक दिन में सैकड़ों लोगों को काट रहे हैं। तालाब संरक्षण करना तो दूर, मनियर तालाब का अस्तित्व खत्म होने की कगार पर पहुंच गया है। भुजरिया तालाब फिर गंदा हो गया।
झूठा साबित हुआ शपथ पत्र, अब क्या करें..?
चुनाव जीतने के लिए जनता से न केवल झूठे वायदे किए गए, बल्कि शपथ पत्र भी झूठा साबित हुआ है। उक्त जनहित से जुड़े काम करने में जब वो सक्षम नहीं थे, तो फिर एफिडेविट देने की जरूरत ही क्या थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page