
दमनकारी परिवहन नीति के खिलाफ होली से एक दिन पूर्व बंद हो जाएंगी यात्री बसें, दिया ज्ञापन
बोले बस यूनियन उपाध्यक्ष: सराकर रोजगार दे तो नहीं रही, बल्कि रोजी-रोटी छीनने पर उतारू
शिवपुरी। जिला कलेक्ट्रेट में बुधवार को शिवपुरी बस ऑपरेटर यूनियन के पदाधिकारियों ने डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन देकर 2 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल का ज्ञापन दिया। जिसमें मांग की गई है कि परिवहन की दमनकारी नीति को वापस लिया जाए। यदि ऐसा हुआ तो होली पर ग्रामीण क्षेत्र के लोग खरीदारी करने तथा होली मनाने रिश्तेदारों के घर नहीं जा सकेंगे।
शिवपुरी बस ऑपरेटर यूनियन के उपाध्यक्ष जयसिंह रावत ने SD न्यूज से चर्चा में बताया कि सरकार प्रदेश में बड़े व्यवसायियों को बस कारोबार में लाकर बस ऑपरेटरों का रोजगार छीनने की तैयारी में है। इसी वजह से पिछले 6 माह से किसी नई बस का कोई परमिट नहीं दिया जा रहा। जयसिंह ने बताया कि मप्र सरकार के परिवहन विभाग ने 24 दिसंबर 2025 को जो अधिसूचना जारी की है, उसे वापस करवाने के लिए 2 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल करने का निर्णय हुआ है।
उपाध्यक्ष ने बताया कि सरकार की मंशा यह है कि बड़े उद्योगपति बसों का संचालन करेंगे, तथा बस मालिक को देने के लिए सरकार किराया निर्धारित कर देगी। जिसके चलते बस ऑपरेटर सिर्फ सरकार द्वारा तय किए गए किराए पर ही निर्भर रहेंगे, तथा उनको बसों के संचालन का लाभ बड़े पूंजीपति उठाएंगे।
जिस तरह से सरकार ने सभी सेक्टरों में प्राइवेट कंपनियों को लाकर आम जनता की परेशानी बढ़ाई है, ठीक उसी तरह यात्री बसों में भी ऐसा ही कुछ करने की तैयारी है। उपाध्यक्ष जयसिंह ने सीधे आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ने रोजगार देने की दिशा में तो कोई पहल नहीं की, लेकिन लोगों को बेरोजगार करने के नयें तरीके ढूंढ रही है। हम सभी बस ऑपरेटर इस दमनकारी नीति के विरोध में अपनी बसें बंद रखेंगे।









2 thoughts on “दमनकारी परिवहन नीति के खिलाफ होली से एक दिन पूर्व बंद हो जाएंगी यात्री बसें, दिया ज्ञापन”