
बदहाल सड़क: बमुश्किल फसल उगाने के बाद भी उसे मंडी बेचने नहीं जा पा रहे 60 किसान
मामला शिवपुरी विधानसभा के ग्राम मालाखेड़ी का: 25 साल से नहीं बनाई गई सड़क, अन्नदाता की फसल खेतों में हो रही खराब
शिवपुरी। किसान की सरकार होने का दावा भले ही सरकार के मंत्री से लेकर विधायक तक करते हैं, लेकिन धरातल पर किसान बेहद परेशान है। जिला मुख्यालय से महज 12 किमी दूर शिवपुरी विधानसभा के ग्राम मालाखेड़ी एवं ठेहसुहारा जाने वाली सड़क के नाम पर सिर्फ कीचड़ ही है। हालात इतने खराब हैं कि फसल तैयार होने के बाद भी अन्नदाता उसे मंडी तक नहीं ले जा पा रहा।
शिवपुरी विधानसभा के अंतर्गत ग्राम टोंगरा से मालाखेड़ी जाने की दूरी लगभग साढ़े 3 किमी है। यहां सड़क के नाम पर काली मिट्टी होने के साथ ही बरसों से सड़क न डाले जाने से हर साल पानी के साथ मिट्टी का कटाव होने से लगभग 3 फीट की गहराई हो गई है। यह तो शुक्र है कि अभी बारिश उतनी अधिक नहीं हुईं तो हम मालाखेड़ी के रास्ते में उन खेतों तक पहुंच पाए, जहां किसान की कद्दू की फसल मंडी तक न जाने की वजह से वो खेत पर ही खराब हो रहे हैं। यह स्थिति लगभग हर फसल की होती है। इस क्षेत्र में टमाटर की भी अच्छी पैदावार होती है, लेकिन सड़क न होने की वजह से न तो किसान मंडी आ पाता है, और न ही व्यापारी की गाड़ी खेतों तक पहुंच पा रही है।
किसानों का छलका दर्द::
टोंगरा से मालाखेड़ी जाने वाली बदहाल सड़क की वजह से परेशान किसान सतीश जाट सहित अन्य किसान बोले कि हमने ब्लैक में खाद खरीद कर बमुश्किल फसल लगाई। अब जबकि कद्दू की ट्रॉलियां भर गईं, तो उसे अब मंडी तक नहीं ले जा पा रहे। सतीश ने बताया कि हमारी फसल अब खेत पर ही खराब हो रही है।
बोले ग्रामीण: दो बार घूम गए विधायक पुत्र::
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन ने चुनाव के दौरान यह वायदा किया था कि मालाखेड़ी वाली सड़क बनवाएंगे। इतना ही नहीं, पिता की विधायकी सम्भाल रहे उनके पुत्र सक्षम जैन भी दो बार इस सड़क की बदहाली देखने आ चुके हैं, लेकिन सड़क अभी तक नहीं बन पाई।







