
आदर्श सड़क: कोर्ट रोड पर व्यवस्थाएं देखने सड़क पर उतरे एसडीएम व एसडीओपी
शहरवासी कर रहे व्यवस्था सुधरने का इंतजार, अधिकारी अभी कर रहे सड़क की नापतौल
शिवपुरी। शहर में कुछ अच्छा करने के लिए प्रशासनिक अधिकारी बैठकों में जो निर्णय ले रहे हैं, उनके क्रियान्वयन में जिम्मेदार अधीनस्थ अमला इतनी देर कर रहा है कि शहरवासी कहने लगे हैं कि कब तक इस सड़क को अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा।
गौरतलब है कि शिवपुरी शहर के मुख्य बाजार कोर्ट रोड को आदर्श सड़क बनाए जाने का निर्णय बीते बुधवार को कलेक्ट्रेट में हुई बैठक में लिया गया। इसके अगले दिन गुरुवार को ट्रैफिक प्रभारी एवं कोतवाली पुलिस के अलावा नगरपालिका की टीम ने कोर्ट रोड का जायजा लिया। इस दौरान फीता डालकर सड़क की लंबाई-चौड़ाई नापी, तथा पार्किंग के लिए जगह चिन्हित की गई। शहर की जनता को लगा कि अब शुक्रवार से इस सड़क पर फोर व्हीलर व तिपहिया वाहनों की आवाजाही रुक जाएगी। दोपहर 12 बजे तक हालात जस के तस बने हुए थे, लेकिन आज सड़क पर एसडीएम शिवपुरी आनद सिंह राजावत एवं एसडीओपी संजय चतुर्वेदी के साथ ट्रैफिक प्रभारी तथा नपा की टीम व्यवस्था देखने निकली। कोर्ट रोड पर मौजूद लोगों का एक ही सवाल था कि यह नापतौल ही होती रहेगी, या सड़क आदर्श भी बनेगी।
दुर्गा टॉकीज के सामने पार्किंग पर कब्जा:
कोर्ट रोड पर दुर्गा टॉकीज के सामने जैन मंदिर के सामने खाली जगह पर पार्किंग हुआ करती थी। इस जगह पर दोना पत्तल वाले ने कब्जा कर लिया है। आज भी अधिकारी कब्जेधारी को चबूतरे पर दुकान लगाने की हिदायत देकर आगे बढ़ गए।
गांधी चौक से हटाएंगे पटवा:
कोर्ट रोड की सबसे अधिक सकरी सड़क गांधी चौक एवं बर्तन वालों की दुकान के सामने जाम के हालात बनते हैं। गांधी चौक को चारो तरफ से घेर कर बैठे पटवाओ को दूसरी जगह शिफ्ट करके खाली होने वाली जगह पर दुपहिया वाहन पार्क होंगे।





