
आए थे भैंस चुराने, सरपंच ने टोका तो कर दी बेरहमी से मारपीट, अंगूठी-चेन व मोबाइल लूट ले गए
आधी रात को आयशर में भैंस चढ़ा रहे थे 10 हथियारबंद बदमाश, टोकने पर भैंस छोड़ सरपंच सहित 4 को जमकर पीटा
शिवपुरी। कभी-कभी दूसरों का भला करने के चक्कर में खुद की जान के लाले पड़ जाते हैं। बीती रात नरवर में भी कुछ ऐसा ही हुआ, और एक सरपंच को आधी रात के दौरान भैंस चोरों को टोकना उस समय महंगा पड़ गया, जब चोरों ने भैंसों को छोड़कर सरपंच व उसके साथियों पर लाथर-सरिया व कट्टे की बट से हमला कर दिया। सिर, चेहरा व पीठ पर गम्भीर जख्म देकर चोर भैंसें छोड़कर सरपंच व उसके साथियों के मोबाइल, चेन व अंगूठी लूट कर ले गए। इस मामले में जहां मारपीट का शिकार हुए लोग अस्पताल में उपचार करवा रहे हैं, वहीं भैंस मालिक की 9 भैंस चोरी होने से बच जाने से लाखों रुपए का नुकसान होते-होते रह गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नरवर तहसील की ग्राम पंचायत बिलोनी के सरपंच बालकिशन जाटव, अपने साथी मुकेश जाटव, राजकुमार जाटव एवं कार चालक जगभान बघेल के साथ एक कार्यक्रम में से रात 1 बजे लौटकर आ रहे थे। नरवर-मगरौनी रोड पर गैस एजेंसी के पास रहने वाले जवाहर रावत की भैंसों को एक आयशर गाड़ी में चढ़ाते हुए सरपंच ने देखा, तो उसने अपने साथियों की दम पर चोरों को टोकते हुए पूछा कि क्या कर रहे हो। अपने काम में टोकाटाकी भैंस चोरों को पसंद नहीं आई, और उन्होंने लाठी, सरिया व कट्टे की बटों से चारों की बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट करने के बाद यह बदमाश भैंसें तो छोड़ गए, लेकिन सरपंच व उसके साथियों के मोबाइल, सोने की चेन व अंगूठी लूट कर ले गए। इस मारपीट में सरपंच व उसके साथियों के शरीर में गम्भीर चोट आई हैं। महत्वपूर्ण बात यह है कि भैंस मालिक जवाहर रावत ने जब अपने घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में देखा तो चोर उसकी भैंसे खोलकर ले जाते हुए दिख रहे हैं। जवाहर के पास 9 भैंस हैं, जिन्हें सरपंच की टोक ने बचा लिया। पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।







