May 24, 2026
जिसकी जान बचाने के लिए कुएं से निकाला, उसी ने हमला कर अस्पताल पहुंचाया

जिसकी जान बचाने के लिए कुएं से निकाला, उसी ने हमला कर अस्पताल पहुंचाया

मामला बैराड़ के उमरी गाँव का, कुएं में गिरे तेंदुए को बाहर निकालते ही उसने किया हमला

शिवपुरी। जिले में अब तेंदुए ऐसे घूम रहे हैं, मानो पालतू मवेशी हों। बैराड़ के उमरी गाँव में शनिवार की सुबह एक तेंदुआ कुएं में गिर गया, जिसे फॉरेस्ट की टीम ने ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू कर बाहर निकाला। कुएं से बाहर आते ही तेंदुए ने बचाने वाले दो ग्रामीणों पर हमला कर दिया। दोनों ग्रामीणों का बैराड़ अस्पताल में उपचार चल रहा है।
बताते हैं कि आज सुबह एक तेंदुआ गाय के बछड़े का शिकार करने उमरी गांव में आया, और बछड़े को पकड़ने के फेर में असंतुलित होकर गहरे कुएं में जा गिरा। तेंदुए को कुएं में गिरता हुआ ग्रामीणों ने देख लिया था, इसलिए उन्होंने बिना देर किए फॉरेस्ट को सूचना दी। कुछ देर में वन विभाग की टीम भी मौके ओर पहुंच गई, तथा ग्रामीणों की मदद से तेंदुए को रेस्क्यू करके बाहर निकाला।
जिस समय तेंदुए को कुएं के ऊपर लाया गया, तो ग्रामीणों को यह अंदेशा नहीं था कि वो अपने बचाने वालों पर ही हमला कर देगा। तेंदुए ने बाहर निकलते ही ग्रामीण मोहन सिंह यादव एवं बुद्धा मोंगिया पर हमला कर दिया। दोनों ग्रामीणों के हाथ में उसने पंजा मारकर जख्मी कर दिया। मौके पर मौजूद फॉरेस्ट की टीम ने तेंदुए को हांका लगाकर भगाया, तथा दोनों घायल ग्रामीणों को अस्पताल पहुंचाया।

तेंदुओं की भरमार, भटक रहे जिले भर में:

शिवपुरी के माधव टाइगर रिजर्व में तेंदुओं की भरमार थी, लेकिन उसमें टाइगर आने के बाद यह तेंदुए सुरक्षित जंगल छोड़कर जिले भर में भटकते घूम रहे हैं। यही वजह है कि तेंदुए जिले के किसी भी गांव में शिकार की तलाश में घूमते नजर आ जाते हैं। पिछले दिनों अमोला क्षेत्र में भी तेंदुआ आ जाने से ग्रामीणों ने रात भर जागकर अपने गांव की सुरक्षा की थी, और आज एक तेंदुआ बैराड़ के उमरी गांव में पहुंच गया।

जिसकी जान बचाने के लिए कुएं से निकाला, उसी ने हमला कर अस्पताल पहुंचाया
तेंदुए के हमले में जख्मी हुआ ग्रामीण उपचार कराते हुए

1 thought on “जिसकी जान बचाने के लिए कुएं से निकाला, उसी ने हमला कर अस्पताल पहुंचाया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page