July 8, 2026
img_20260708_1822061726170378832375359.jpg

जिले में भ्रष्टाचार चरम पर: हर महीने दबोचे जा रहे रिश्वतखोर, दो युवकों की हुई मौत
शिवपुरी। जिले की पिछोर उपजेल के पीछे रहने वाली एक महिला सरपंच एवं उसके पति को बुधवार की सुबह 10 बजे 20 हजार की रिश्वत लेते हुए लोकायुक्त की टीम ने दबोच लिया। दंपत्ति को पकड़ने के बाद टीम उन्हें अपनी गाड़ी में बिठाकर ले उड़ी, तो पूरे पिछोर में यह अफवाह भी फैल गई कि कोई फर्जी टीम सरपंच व उसके पति को ले गई। वहीं जिले के दो थाना क्षेत्रों में दो युवकों की मौत हो गई।
शिवपुरी जिले में भ्रष्टाचार इस कदर चरम पर है कि अभी तक अधिकारी-कर्मचारी ही रिश्वत लेते पकड़े जा रहे थे, लेकिन अब सरपंच भी रंगे हाथों दबोचे जा रहे हैं। खनियाधाना जनपद की ग्राम पंचायत जुंगीपुरा की महिला सरपंच केशवती कोली व उसके पति खेमचंद कोली को लोकायुक्त ग्वालियर की पुलिस ने उस समय दबोच लिया, जब शिकायतकर्ता राहुल यादव ने उन्हें रिश्वत के रूप में 20 हजार रुपए दिए। सरपंच यह रिश्वत कपिल धारा कुआं निर्माण की राशि (लगभग 2.30 लाख रुपए) भुगतान के बदले में मांगी गई थी। राहुल ने यह कुआं 2025 में बनाया था, लेकिन रिश्वत ने दिए जाने की वजह से उसके भुगतान की फाइल पर सरपंच हस्ताक्षर नहीं कर रही थी। अब जबकि रिश्वत हाथ में आई तो लोकायुक्त ने हाथ धुलवा दिए, तो पानी का रंग लाल हो गया।
लोकायुक्त की टीम में निरीक्षक उपेंद्र दुबे व अंजली शर्मा के अलावा अन्य सदस्य थे। टीम ने सरपंच व उसके पति को पकड़ने के बाद गाड़ी में बिठाया, तथा 45 किमी दूर दिनारा रेस्ट हाउस ले जाकर लिखित कार्यवाही पूरी की। गांव में रुकने पर सरपंच के समर्थक किसी तरह का विरोध न करें, इसलिए उन्हें दिनारा रेस्ट हाउस ले गए।
गृह क्लेश से तंग युवक ने खाया जहर, मौत:
श्योपुर जिले की विजयपुर तहसील के ग्राम मगरधा में रहने वाले अशोक (35) सरवन धाकड़ ने मंगलवार की देर शाम गृह क्लेश के चलते जहर गटक लिया। हालत बिगड़ने पर उसे शिवपुरी मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां उसने रात ढाई बजे दम तोड़ दिया। पुलिस अब मर्ग कायम कर आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।
गांव के खरंजे पर मिला युवक का शव::
शिवपुरी जिले की पोहरी तहसील के ग्राम जाखनौद में बुधवार की सुबह खरंजे पर एक युवक को पड़ा हुआ उन महिलाओं ने देखा, जो पानी भरने जा रहीं थीं। युवक की पहचान नेतराम आदिवासी (25) निवासी देहदे के रूप में हुई। नेतराम की बुआ कारी आदिवासी जाखनौद में रहती है, तथा वो अपनी मां से बुआ के घर जाने की कहकर मंगलवार को निकला था। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है, पीएम रिपोर्ट में मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।

लोकायुक्त के शिकंजे में महिला सरपंच एवं उसका पति

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page