July 7, 2026
सीवर प्रोजेक्ट विभाग के लिए चारागाह, आमजन को जान का खतरा, न्यायालय को अबूझ पहेली

सीवर प्रोजेक्ट विभाग के लिए चारागाह, आमजन को जान का खतरा, न्यायालय को अबूझ पहेली

पर्यटन स्थलों वाली सड़क पर खुले सीवर के चैंबर के चारों तरफ लगाई झाड़ी, जांच कमेटी ने किया भौतिक सत्यापन

शिवपुरी। जिस सीवर प्रोजेक्ट ने शिवपुरी शहर को खोखला कर दिया, वो विभाग के लिए चारागाह, आमजन के लिए जान का खतरा व न्यायालय के लिए अबूझ पहेली बन गया। मंगलवार को हाईकोर्ट के निर्देश पर आई जांच कमेटी भी भौतिक सत्यापन कर टूरिस्ट विलेज में अधिकारियों से मिलकर रवाना हो गई।
शिवपुरी शहर के पर्यटन स्थल छत्री रोड पर हैं, लेकिन इस रोड पर नई सड़क बनाने से सीवर के चैंबर आमजन के लिए जान का खतरा बन गए। वन विद्यालय के पास इस रोड पर एक चेंबर का ढक्कन गायब होने से खुले चेंबर के चारों तरफ झाड़ी व पत्थर रख दिए गए, जबकि छत्री गेट के सामने भी एक चेंबर रात के समय लोगों की जान का खतरा बना हुआ है। अन्य जगह चेंबर की जगह गहरे गड्ढे भी दुर्घटना को आमंत्रण दे रहे हैं।
ज्ञात रहे कि सीवर प्रोजेक्ट का लाभ भले ही जनता को न मिल पाया हो, लेकिन निर्माण एजेंसी पीएचई के पूर्व ईई एसएल बाथम पर लोकायुक्त में मामला दर्ज हो चुका है। क्योंकि बाथम ने अपना कमीशन काटकर ठेकेदार को सड़कों के मेंटेनेंस की करोड़ों रुपए की राशि का भुगतान कर दिया था। विभाग के कई अधिकारी कर्मचारी इस प्रोजेक्ट की आड में करोड़पति बन गए। जब इस प्रोजेक्ट की बदहाली पर हाईकोर्ट में पीआईएल लगी, तो न्यायालय की फटकार के बाद नगरीय प्रशासन के ईएनसी सहित 10 सदस्यीय टीम ने शिवपुरी शहर का रुख किया। आज इस जांच कमेटी ने प्रोजेक्ट का काम धरातल पर देखने के साथ ही ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया। जांच कमेटी भी टूरिस्ट विलेज में रुककर अपना टीए- डीए बनाकर भोपाल रवाना हो गई। सीवर प्रोजेक्ट सफल होगा, इस बात को कहने की कोई हिम्मत नहीं कर पा रहा, लेकिन इसके बने चेंबर जरूर शहर की जनता के लिए जान का खतरा बने हुए हैं।

जलकुंभी साफ न होने का भी कारण सीवर:

आज ईएनसी की बैठक में माधव टाइगर रिजर्व के अधिकारी भी मिलने गए तथा सांख्य सागर झील में छाई जलकुंभी के लिए भी सीवर प्रोजेक्ट की लेटलतीफी को कारण बताया। झील में आ रही सीवर की गंदगी की वजह से जलकुंभी खत्म नहीं हो पा रही, इस तथ्य को प्रमुखता से बताया गया। जबकि जलकुंभी निकालने के नाम पर माधव टाइगर रिजर्व भी बड़ा बजट ठिकाने लगा चुका है।

सीवर प्रोजेक्ट विभाग के लिए चारागाह, आमजन को जान का खतरा, न्यायालय को अबूझ पहेली
छत्री रोड पर वन विद्यालय के पास खुला पड़ा सीवर का चेंबर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page