
दो पुलिसकर्मियों सहित 6 के खिलाफ एफआईआर दर्ज, सोमवार की रात में फतेहपुर चौराहे पर हुई मारपीट
पांच हजार रुपए चालान से शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदला, युवक के सिर पर बीयर की बोतल फोड़ने से हुआ जख्मी
शिवपुरी। पुलिस लाइन शिवपुरी में पदस्थ दो पुलिसकर्मियों सहित 6 लोगों के खिलाफ कोतवाली में ही मामला दर्ज किया गया। फरियादी बने युवक को अब झूठे केस में फंसाने का डर सता रहा है, जिसके चकते बुधवार को उसने एसपी को आवेदन देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है।
फतेहपुर स्थित मास्टर कॉलोनी में रहने वाले मानू बेड़ियां ने बताया कि 11 मई की रात को वो कार से अपने घर वापस लौटते समय फतेहपुर चौराहे पर रुक कर पानी लेने गया। इसी बीच वहां पर सुमित सेंगर, छोटे चौहान एवं संजय लोधी आ गए, तथा 5 हजार रुपए का चालान काटने की बात करने लगे। उक्त लोगों ने खुद को पुलिस वाला बताया। जब मानू ने चालान कटवाने से मना किया तो उक्त लोग झगड़ा करने के साथ ही मारपीट करने लगे। इसी बीच छोटू यादव आया और उसने मानू के सिर पर बीयर की बोतल फोड़ दी। जिससे मानू का सिर फट गया, तथा खून बहने लगा। जख्मी युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
आज कोतवाली पुलिस ने मानू की रिपोर्ट पर सुमित सेंगर, छोटे चौहान, संजय लोधी, छोटू यादव सहित दो अन्य के खिलाफ मारपीट की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया। इनमें सुमित एवं छोटे पुलिसकर्मी हैं। एफआईआर दर्ज होने के बाद अब मानू ने एसपी ऑफिस जाकर आवेदन देते हुए यह आशंका जताई है कि उक्त आरोपी उसे किसी झूठे केस में फंसा सकते हैं।
पिपरसमा मंडी में पानी न होने पर हंगामा
शिवपुरी की कृषि उपज मंडी पिपरसमा में बुधवार को भीषण गर्मी के बीच पानी की कोई व्यवस्था न होने से गुस्साए किसानों एवं हम्मालों ने हंगामा कर दिया। गौरतलब है कि इन दिनों जब पारा 42 डिग्री पर है तथा गर्म हवाओ ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया, ऐसे में मंडी में प्याज आदि बेचने आ रहे किसानों एवं तौल करने वाले हम्मालों को पीने का पानी तक नहीं मिल पा रहा। जिसके चलते आज किसानों व हम्मालों ने मंडी प्रबंधन के खिलाफ जमकर हंगामा कर दिया। मंडी सचिव ने जल्द ही पानी की बेहतर व्यवस्था का आश्वासन दिया है।







