
सिंधिया खेमे में छाई निराशा, स्थाई सदस्यों की सूची में यशोधरा राजे सिंधिया का नाम शामिल
शिवपुरी से सैमुअल दास:
एक लंबे इंतजार के बाद भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की सूची जारी हो गई। जिसमें इस बार शिवपुरी जिले से एकमात्र नरेंद्र बिरथरे को जगह मिली, जबकि पूर्व केबिनेट मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया का नाम स्थाई सदस्यों की सूची में शामिल है। सूची के जारी होने से सिंधिया खेमे में निराशा है, क्योंकि जिले में जिस तरह पिछली बार रेवड़ी बांटी गई थीं, इस बार सूखा सा पड़ गया है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के 106 सदस्यों की सूची जारी की है। जिसमें पुराने भाजपाइयों का विशेष ध्यान रखा गया, जबकि आयातित कांग्रेसियों को उतनी ही तबज्जों दी गई। शिवपुरी जिले से सिंधिया खेमे का कोई नेता शामिल नहीं किया गया, तथा तुलसी सिलावट, इमरती देवी एवं महेंद्र सिसोदिया को सिंधिया खेमे से जगह मिली है। चूंकि पिछले दिनों शिवपुरी सहित अन्य जिलों में भी पुराने भाजपाइयों ने यह आवाज बुलंद की थी कि जब सभी पदों पर आयातित कांग्रेसी विराजमान होंगे, तो हमारी बरसों पुरानी पार्टी के प्रति निष्ठा का क्या होगा। संभवतः ऐसे ही विरोधी स्वरों की वजह से ही प्रदेश कार्यसमिति सदस्यों की सूची में शिवपुरी का सूपड़ा साफ हो गया।
फिर सक्रिय हुईं यशोधरा राजे सिंधिया:
पिछले विधानसभा चुनाव से पूर्व अपनी उम्र और तबियत का हवाला देकर टिकट से इंकार करने वालीं पूर्व केबिनेट मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया फिर से राजनीति में सक्रिय हो गई हैं। भाजपा की स्थाई आमंत्रित सदस्यों की सूची में उनका नाम शामिल होने से यह तय है कि वो एक बार फिर राजनीति में एक्टिव हैं। उनकी कमी को शिवपुरी शहर की जनता अब महसूस कर रही है।
एक बार मान ली, अब अपनों को भी देखना है:
प्रदेश में कांग्रेस की सरकार को गिराकर भाजपा की सरकार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़कर आए लोगों को पिछली सूची में भरपूर तबज्जों दी गई थी। संगठन ने एक बार उनकी मां ली, लेकिन अब पार्टी के पुराने लोगों को भी तो देखना है, शायद इसी वजह से सूची में सिंधिया खेमा आउट है।






