
शादी के दो घंटे बाद ही लूट ले गए बीबी व परिजनों की नगदी, अब लगा रहे थाने के चक्कर
दलालों ने तय किया रिश्ता, मंदिर में हुई शादी, विदा कराकर ले जाते समय लड़की के परिजनों ने लूट लिए ससुराली
शिवपुरी। दलालों की बातों में आकर हरियाणा के गुरूग्राम से एक परिवार के महिला-पुरुष चार पहिया वाहन से बीते 13 जुलाई को पिछोर के नया चौराहा के पास एक गांव में पहुंचे। लड़की आई, मंदिर में शादी करवाई, तथा रात 9:30 बजे विदा भी कर दी। हरियाणा का परिवार खुशी-खुशी बहू लेकर रवाना हुआ, लेकिन 1 किमी दूर पर ही लड़की के परिजनों ने गाड़ी में तोड़फोड़ कर दुल्हन के साथ परिजनों की नगदी व जेवर लूट कर दौड़ लगा दी। पीड़ित परिवार अब पिछोर थाने के चक्कर लगा रहा है।
आज के दौर में शादी के नाम पर जितनी धोखाधड़ी लड़कों के साथ हो रही है, वो इस बात की तरफ इशारा कर रही है देश में अब पुरुष आयोग भी बनाया जाना चाहिए। हरियाणा के गुरूग्राम में रहने वाली प्रीति फौगाट ने बताया कि मेरे भाई योगेंद्र जाखड़ की शादी नहीं हुई थी। जिसकी शादी कराने की गारंटी महुरानीपुर निवासी काशीराम एवं शैलेंद्र अहिरवार ने प्रीति के नाना टेकसिंह से ली थी। निर्धारित तारीख यानि 13 जुलाई को प्रीति, भाई योगेंद्र, नाना टेकसिंह एवं भाभी चारपहिया वाहन से बबीना पहुंचे। वहां से दोनों दलाल सवार होकर शिवपुरी जिले के पिछोर थाना क्षेत्र के नया चौराहे के पास एक गांव में रुके।
गांव के मंदिर में योगेंद्र व लड़की की शादी करवा दी गई। शादी के 2 घंटे बाद ही 9:30 बजे लड़की को विदा भी कर दिया गया। महज 1 किमी दूर रात के अंधेरे में गाड़ी रोक कर लड़की के परिजन बनकर आए लोगों ने गाड़ी का काँच तोड़ दिया। पहले तो लड़की को अपने कब्जे में लेकर प्रीति के परिजनों के पास रखे 1.25 लाख रुपए नगद, प्रीति की सोने की चेन छीनने के बाद प्रीति के भाई से 1 लाख रुपए फोन पे करवाए। इस घटनाक्रम का वीडियो बना रहे गाड़ी के ड्राइवर देशराज का मोबाइल भी वो छीनकर अंधेरे में भाग गए। महज दो घंटे के अंदर विवाहित हुआ योगेंद्र फिर कुंवारा हो गया, तथा परिजन लुटे व गाड़ी के कांच फूटे, वो ब्याज में l
पुलिस चाहे तो ढूंढ सकती है लुटेरी दुल्हन:
ड्राइवर का मोबाइल जो लूटकर ले गए, तथा जिस नंबर पर 1 लाख रुपए फोन पे करवाए। इनका ही पता करके पुलिस लुटेरी दुल्हन व उसके परिजनों को राउंडअप कर सकती है। लेकिन पुलिस इस मामले की अभी जांच कर रही है।







