July 16, 2026
कुमरौआ के भूरा की सड़क हादसे में मौत, सुनाज के भूरा का जंगल में मिला शव

कुमरौआ के भूरा की सड़क हादसे में मौत, सुनाज के भूरा का जंगल में मिला शव

ग्राम ख्यावदा में 98 क्विंटल राशन लेकर निकला ट्रक रास्ते से गायब, ट्रांसपोर्टर दिखा रहा रिसीविंग

शिवपुरी। जिले के कोलारस थाना क्षेत्र के ग्राम कुमरौआ में रहने वाले भूरा धाकड़ की मंगलवार रात को सड़क हादसे में मौत हो गई। वहीं ग्राम सुनाज़ के भूरा पाल का शव जंगल में पड़ा मिला। उधर शिवपुरी तहसील के ग्राम ख्यावदा में ग्रामीणों के लिए भेजा गया 98 क्विंटल राशन रस्ते में से गायब हो गया।

बाइक में मारी अज्ञात वाहन ने टक्कर, हुई मौत:

कोलारस के ग्राम कुमरौआ में रहने वाला 30 वर्षीय भूरा पुत्र रणवीर धाकड़, मंगलवार की रात कोलारस से शिवपुरी आ रहा था। भूरा जब सीआरपीएफ कैंपस के सामने से गुजर रहा था, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। गम्भीर रूप से घायल हुए भूरा को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

9 दिन से लापता भूरा का शव जंगल में मिला:

कोलारस के ग्राम सुनाज़ में रहने वाला 42 वर्षीय भूरा पाल बीते 6 जुलाई को अपने घर से बिना कुछ कहे चला गया था। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन जब वो नहीं मिला तो परिजन सोच रहे थे कि जैसे वो पहले गायब रहकर वापस आ गया था, तो इस बार भी आ जाएगा। बुधवार को जब कुछ ग्रामीण युवक बकरी चराने जोरा की रईया के जंगल में गए, तो वहां उन्हें जानवरों से चिथा हुआ शव नजर आया। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची, तो शव की पहचान सुनाज के भूरा पाल के रूप में हुई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

ख्यावदा गांव के राशन का ट्रक हुआ गायब:

बुधवार को शिवपुरी तहसील के ग्राम ख्यावदा के ग्रामीणों ने एक ज्ञापन एडीएम को सौंपा। जिसमें उन्होंने बताया कि मई – जून का राशन 98 क्विंटल जो ट्रक लेकर रवाना हुआ था, वो रास्ते में से गायब हो गया। उधर ट्रांसपोर्टर का कहना है कि राशन प्राप्त करने की कंट्रोल संचालक की रसीद हमारे पास है। कंट्रोल संचालक का कहना है कि ट्रक पहुंचा ही नहीं है। जिस तरह से प्रदेश के गेहूं और देश में चावल गायब हुआ है, उसी तरह ख्यावदा गांव के गरीबों का राशन भी गायब हो गया। हालांकि एडीएम ने दो दिन में जांच का आश्वासन दिया है।

कुमरौआ के भूरा की सड़क हादसे में मौत, सुनाज के भूरा का जंगल में मिला शव
जंगल में शव देखने वाले चरवाहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page