July 10, 2026
दतिया में बनवा दिया एयरपोर्ट, शिवपुरी की हवाई पट्टी की उधड़ गई पपड़ी, प्लेन नहीं उतर सकेंगे

दतिया में बनवा दिया एयरपोर्ट, शिवपुरी की हवाई पट्टी की उधड़ गई पपड़ी, प्लेन नहीं उतर सकेंगे

सांसद भूले अपना संसदीय क्षेत्र: दतिया उपचुनाव से पहले गिनाई उपलब्धियों में एयरपोर्ट बताया

शिवपुरी से सैमुअल दास::
वो जब केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री थे, तब उन्होंने शिवपुरी के लोगों को भरोसा दिलाया कि अच्छा एयरपोर्ट बनवाएंगे। पिछले महीनों में कुछ नजदीकी नेताओं ने हवाई सेवा के लिए राशि जारी कराए जाने का जश्न भी मना लिया था। इस बीच पड़ोसी जिले दतिया में एयरपोर्ट स्वीकृत होकर बन भी गया, तथा प्लेन भी उतरने लगे। शिवपुरी में जो हवाई पट्टी थी, उसके रनवे वाली सड़क की पपड़ी पूरी तरह उखड़ गई। अब यहां पर हेलीकॉप्टर तो उतर सकता है, लेकिन प्लेन नहीं उतर सकता। यानि माननीय अपने संसदीय क्षेत्र को भूल गए, दतिया जिले में एयरपोर्ट की सौगात दिए जाने की बात भी उन्होंने पिछले दिनों ग्वालियर में मीडिया से चर्चा के कही थी।
शुक्रवार को SD News ने जब हवाई पट्टी पर जाकर देखा तो उसमें हेलीकॉप्टर उतरने के दो स्पॉट ताजे बने हुए थे, जबकि रनवे पर डामर की पपड़ियां इतनी बुरी तरह उधड़ चुकी हैं कि अब रनवे पर ड्राइविंग सीखने वाले लोगों की कार के पहिए तेजी से घिसने लगे हैं। जब क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के पास केंद्र में नागरिक उड्डयन मंत्रालय था, तब शिवपुरी के लोगों को यह उम्मीद जागी कि यहां हवाई यात्रा के ठिकाने यानि हवाई पट्टी या एयरपोर्ट तो बनेगा ही। जनता आस लगाए रह गई, उधर दतिया में एयरपोर्ट भी बन गया, तथा प्लेन भी आने लगे। शिवपुरी की पुरानी हवाई पट्टी की लंबाई कम होने से बड़े प्लेन पहले ही नहीं आते थे, अब रनवे की पपड़ियां उखड़ने से छोटे प्लेन भी नहीं उतर पा रहे। हेलीकॉप्टर तो बिना दौड़े सीधे ही नीचे उतरता है, तथा सीधे ही ऊपर उठ जाता है।

घोषणा निकली खाली, अब जमीन की तलाश:

पर्यटन के नक्शे में शिवपुरी को चमकाने का दावा 5 दिन पूर्व शिवपुरी शहर के पोलो ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के मुखिया व केंद्रीय मंत्री ने किया था। टाइगर आने के बाद सैलानियों की संख्या तो बढ़ने लगी, लेकिन हवाई रास्ते से सैलानियों के आने का कोई ठिकाना शिवपुरी में नहीं है। पिछले महीनों में एयरपोर्ट के लिए करोड़ों की राशि स्वीकृति का जश्न मना भी था, लेकिन घोषणा खोखली निकली।

दतिया में बनवा दिया एयरपोर्ट, शिवपुरी की हवाई पट्टी की उधड़ गई पपड़ी, प्लेन नहीं उतर सकेंगे
शिवपुरी हवाई पट्टी पर रनवे की उखड़ रही पपड़ी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page